Wednesday, 22 April 2020

बिरसा मुण्डा

जन्म : 15 नवम्बर 1875
जन्म स्थान: उलीहातू गाँव, राँची, झारखण्ड
निधन:  9 जून 1900
मृत्यु स्थल : राँची कारागार
पिता : सुगना मुंडा
माता : करमी हटू

जीवन परिचय - बिरसा मुंडा का जन्म छोटानागपुर पठार के जजातीय मुंडा परिवार में हुआ था । बिरसा का बचपन एक सामान्य वनवासी बालक की तरह घोर दरिद्रता में, जंगलों में घूमते और बकरियां चराते हुए ही बीता। मिशनरीज की सेवा, चिकित्सा और शिक्षा से प्रभावित होकर धर्मपरिवर्तन का दौर चल रहा था, गरीबी और भुखमरी से तंग आकर सुगना मुण्डा ने भी अपने पुत्र बिरसा सहित ईसाई धर्म अपना लिया। साल्गा गाँव में प्रारम्भिक पढाई के बाद बिरसा को चाईबासा के लूथर मिशन स्कूल में नामांकन करवा दिया गया, किन्तु वहाँ का रंगभेद व जातीय भेदभाव उनके मन को कचोटता रहता और उनके हृदय में अंदर ही अंदर एक आक्रोश पलने लगा । विद्यालय में रहकर बिरसा ने अंग्रेजों के कुचक्रों को समझा और विद्यालय छोड़ कर घर लौट आए ।

उन्होने ईसाई धर्म त्याग दिया , 1891 में एक वैष्णव आनन्द पाण्डे के सम्पर्क में आकर आयुर्वेद, पुराण, रामायण, महाभारत सहित वैदिक साहित्य का अध्ययन किया किन्तु बिरसा संतुष्ट नहीं हुए, वे भीषण भुखमरी और विपन्नता से घिरे ट्राइबल्स समुदाय पर होते अत्याचारों को देखकर चिंतित रहते । एक बार इसी चिन्ता में बारह-तेरह दिन वे भूखे-प्यासे जंगल में भटकते रहे। कहा जाता है कि इसी एकान्तवास में उन्हें परमसत्ता सिंङबोंगा से साक्षात्कार हुआ या यूँ कहें कि आत्मसाक्षात्कार हुआ । बिरसा मुण्डा अब धरती आबा बन चुके थे , धरती के भगवान । 1894 में पड़े भयंकर अकाल और महामारी में धरती आबा बिरसा ने गाँव में पूरे मनोयोग से ट्राइबल्स की सेवा की थी ।

स्वतंत्रता संग्राम में योगदान- बिरसा मुण्डा ने वर्ष 1895 में चालकाड़ में यह उद्घोष किया ' "अब वह दिन दूर नहीं जब अंग्रेज हमारे चरणों पर गिरकर अपने प्राणों की भीख मांगेंगे। आओ, हम एकजुट हों, अब हमारा राज्य आने वाला है।" अबुआ: दिशोम रे अबुआ: राज अर्थात अपने देश में अपना शासन ।

इसी के साथ बिरसा ने अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान की घोषणा करते हुए फसल बोने से ट्राइबल्स को रोक दिया ।इस विरोध की खबर मिलने पर अंग्रेज पुलिस 8 अगस्त, 1895 को बिरसा को पकड़ने चालकाड़ आई पर ट्राइबल्स के भीषण सशस्त्र प्रतिरोध के आगे वह बिरसा को छू तक न सकी। 23 अगस्त, 1895 को अंग्रेज पुलिस आयुक्त ने बिरसा और उसके आन्दोलन को कुचलने का आदेश दिया। इस बार रात के समय चुपके से पूरे गांव को घेर लिया गया और बिरसा को सोते हुए पकड़ कर रांची जेल में बन्द कर दिया गया। 19 नवम्बर, 1895 को बिरसा को दो वर्ष के कठोर कारावास और पचास रुपये जुर्माने की सजा सुना दी गई। 30 नवम्बर, 1897 को बिरसा को जेल से रिहा हुए ।

रिहाई के बाद बिरसा ने अंग्रेजों के साथ मुकाबला करने के लिए ट्राइबल सेना संगठित की, जिसका मुख्य केन्द्र खूंटी बनाया गया। 25 दिसम्बर, 1899 को बिरसा सेना ने सखादाग मिशन हाथे पर चढ़ाई कर दी। मिशन का परिसर जला दिया गया। दूसरी बार बिरसा ने अपनी सेना को कई टुकड़ियों में बांटकर पुलिस थानों पर हमला करने के आदेश दिए। बिरसा ने तीर कमानों से लैस चार सौ ट्राइबल वीरों के साथ खूँटी थाने पर धावा बोल दिया। तांगा नदी के किनारे उनकी भिड़ंत अंग्रेज सेना से हुई , उनकी जीत भी हुई लेकिन कई ट्राइबल्स की गिरफ़्तारियां हो गई । बिरसा और उनके आन्दोलन को कुचलने के लिए अंग्रेज फौज खूंटी और डुम्बारी की पहाड़ियों की ओर कूच कर गई, पर उन्हें पकड़ने में अंग्रेज असफल रहे ।

इसके बाद बिरसा दुगने उत्साह से ट्राइबल्स को संगठित कर जंगल पर दावेदारी के लिए गोलबंद करने लगे । इस उलगुलान से महाजन, जमींदार और सामंत ही नहीं अंग्रेज अफसर भी भय से कांपने लगे। अंग्रेज सरकार ने उलगुलान को दबाने का हर संभव प्रयास किया , लेकिन ट्राइबल्स के गुरिल्ला युद्ध के समक्ष अंग्रेज असफल रहे। धरती आबा बिरसा का एक ही लक्ष्य था - “महारानी राज तुंदु जाना ओरो अबुआ राज एते जाना” यानी कि ‘ ब्रिटिश महारानी का राज खत्म हो और हमारा राज स्थापित हो’।

25 जनवरी 1900 में उलिहातू के समीप डोमबाड़ी पहाड़ी पर अंग्रेजो और सूदखोरों के विरुद्ध आयोजित एक जनसभा में बिरसा ट्राइबल्स को सम्बोधित कर रहे थे कि अचानक अंग्रेज सैनिकों ने हमला कर दिया, दोनोँ पक्षों मे जमकर संघर्ष हुआ, ट्राइबल्स के हाथों में तीर धनुष, भाला, कुल्हाड़ी, टंगीया इत्यादि थे, परन्तु दुश्मन की बंदूक-तोप का सामना पारंपरिक हथियार भला कब तक कर पाते, अंततः लगभग 400 लोग मारे गए, जिनमें औरतें और बच्चे भी थे । कई लोग गिरफ्तार कर लिए गए । बिरसा की गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया, उनपर रुपए 500/- का इनाम घोषित हुआ ।

बिरसा छिपते हुए अपने लोगों से मिलते मिलाते उलगुलान का प्रसार प्रचार करते हुए चक्रधरपुर पहुँचे, तारीख थी 3 मार्च 1900, अगली रणनीति पर चर्चा चल रही थी, रात हो चली थी, धरती आबा ने 'जम्कोपाई' जंगल में रात बिताने का निर्णय लिया, देर रात जब सबलोग सो रहे थे, किसी अपने ने ही धोखा किया और बिरसा को उनके 460 साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया ।

बिरसा को खाट सहित बांध दिया गया था, भोर हो चली थी, बंदगांव के रास्ते उन्हें राँची जेल ले जाया जाय़ा गया, उस वक्त अपने उलगुलान को जिन्दा रखने के लिए धरती आबा ने जो शब्द कहे, उन्हे कागज पर उकेरा "अश्विन कुमार पंकज" ने -  “मैं तुम्हें अपने शब्द दिये जा रहा हूं, उसे फेंक मत देना, अपने घर या आंगन में उसे संजोकर रखना। मेरा कहा कभी नहीं मरेगा। उलगुलान ! उलगुलान! और ये शब्द मिटाए न जा सकेंगे। ये बढ़ते जाएंगे। बरसात में बढ़ने वाले घास की तरह बढ़ेंगे। तुम सब कभी हिम्मत मत हारना। उलगुलान जारी है।”

अदालत में बैरिस्टर जैकब ने बिरसा की ओर से बहस की किन्तु पूर्वाग्रह से ग्रसित अंग्रेज जज ने सजा सुना दी । बिरसा राँची जेल में कैद थे किन्तु उनके द्वारा छेड़े गए उलगुलान से अंग्रेज अब भी भयभीत थे । कुनीति में माहिर अंग्रेजों ने यह अफवाह फैला दी कि धरती आबा को हैजा हो गया है जबकि उन्हें खाने में प्रतिदिन धीमा जहर दिया जाने लगा । 9 जून 1900 को धरती आबा बिरसा मुण्डा के शरीर का अन्त हुआ । किन्तु भगवान मरा नहीं करते, इस दृष्टिकोण से वे आज भी जीवित हैं और इस धरती के अन्त होने तक जीवित रहेगे, इसीलिए साहित्यकार हरीराम मीणा लिखते हैं-

" मैं केवल देह नहीं 
मैं जंगल का पुश्तैनी दावेदार हूँ,
पुश्तें और उनके दावे मरते नहीं
मैं भी मर नहीं सकता,
मुझे कोई भी जंगलों से बेदखल नहीं कर सकता ।
उलगुलान !
उलगुलान !!
उलगुलान !!! ’’

सम्मान - 16 अक्टूबर 1989 को संसद के केंद्रीय हॉल में बिरसा के चित्र का अनावरण तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ ने किया। 1988 में भारत सरकार द्वारा बिरसा मुंडा पर 60 पैसे की डाक टिकट जारी की गई । दिनांक 28 अगस्त 1998 को संसद परिसर में मूर्तिकार बी सी मोहंती द्वारा निर्मित 14 फीट की प्रतिमा का अनावरण राष्ट्रपति के आर नारायणन ने किया गया । झारखण्ड की राजधानी राँची के एयरपोर्ट का नाम बिरसा मुंडा विमानक्षेत्र है । 1 अप्रेल 2017 को गुजरात के नर्मदा जिले में बिरसा मुण्डा ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है , वहीँ राँची में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना 26 जून 1981 को की गयी थी । झारखण्ड के बुंडू, सिंदरी, सरगरिया, बलियापुर, बोकारो, हरचंदा , चंदरा, सराईकेला, राँची, बेको, बालसोकडा, जमशेदपुर, धनबाद, गोड्डा, बिजुपाड़ा, धौनसर, बासदेवपुर, ओड़िशा के राउलकेला, पश्चिम बंगाल के गमारकुमरी, कानपुर इत्यादि स्थानो पर बिरसा के नाम पर विभिन्न विद्यालय संचालित हैं । रांची खेल परिसर में बिरसा मुण्डा एथेलेटिक्स स्टेडियम बना हुआ है , वहीँ चाईबासा, सराईकेला एवं चांडिल के छोटालाखा में बिरसा मुण्डा के नाम पर स्टेडियम बने हुए हैं । विभिन्न स्थानो पर कई अस्पताल एवं पार्क का नामकरण बिरसा मुण्डा के नाम पर हुआ है । उनकी जन्मस्थली अड़की प्रखंड के उलिहातू गांव में बिरसा स्मारक स्थल (बिरसा ओड़ा) है । बिहार, बंगाल, ओड़िशा और झारखण्ड में हजार से ज्यादा बिरसा की प्रतिमाएँ स्थापित है, सबसे बड़ी बात कि धरती आबा यहाँ के लोगों के दिल में अंकित हैं ।


Tuesday, 21 April 2020

ओत् गुरु कोल लाको बोदरा

ओत् गुरु कोल लाको बोदरा 

जन्म : 19 सितम्बर 1919
जन्म स्थान : पासेया गाँव ,खूंटपानी प्रखण्ड, जिला पश्चिमी सिंहभूम, झारखण्ड
निधन:  29 जून 1986
मृत्यु स्थल : जमशेदपुर
पिता : लेबेया बोदरा
माता : जानो कुई


जीवन परिचय - लाको बोदरा हो भाषा के साहित्यकार थे। हो भाषा-साहित्य में ओत् गुरू कोल "लाको बोदरा" का वही स्थान है जो संताली भाषा में रघुनाथ मुर्मू का है। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम ज़िले के खुंटपानी ब्लॉक में स्थित पासेया गाँव में जन्में लाको बोदरा होमियोपैथी चिकित्सक भी थे । उनकी आरम्भिक शिक्षा बड्चोम हातु प्राथमिक विद्यालय एवं पुरुईयां प्राथमिक विद्यालय में हुई। कक्षा 9 की पढ़ाई उन्होने चक्रधरपुर स्थित एंग्लो इंडियन ग्रामर हाई स्कूल में की और चाईबासा के ज़िला उच्च विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होने फादर डिजाडिन से अंग्रेजी शिक्षा का ज्ञान प्राप्त किया, इसके बाद उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा के सहयोग से पंजाब के जालंधर सिटी कॉलेज से होम्योपैथी की डिग्री प्राप्त की। उन्होने नोवामुंडी के पास डोंगापोसी में रेलवे में लिपिक के रूप में अपना योगदान दिया । लोको बोदरा ने सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव भी लड़ा । काफी समय तक आकाशवाणी राँची से जुड़े रहे साथ ही राँची विश्वविद्यालय के जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग के परामर्शदातृ समिति के सदस्य भी रहे । लाको बोदरा एक मधुर बाँसुरी वादक भी थे ।

साहित्यिक परिचय - ओत् गुरू (विश्व गुरु) कोल "लाको बोदरा" ने 1940 के दशक में हो भाषा के लिए ह्वारङ क्षिति ( वारंगचिति) नामक लिपि की खोज की व उसे प्रचलित किया। उसके प्रचार-प्रसार के लिए ‘आदि संस्कृति एवं विज्ञान संस्थान’ (एटे:ए तुर्तुङ सुल्ल पीटिका अक्हड़ा) की स्थापना भी की। यह संस्थान आज भी हो भाषा-साहित्य,संस्कृति के विकास में संलग्न है। "ह्वारङ क्षिति" में उन्होंने ‘हो’ भाषा का एक वृहद् शब्दकोश भी तैयार किया जो अप्रकाशित है। वारंगचिति में मूल अक्षर सहित 32 वर्ण हैं। जो छोटे और बड़े अक्षर के रुप में प्रयोग होते हैं। वारगंचिति को बाएं से दाएं, दाएं से बाएं, ऊपर से नीचे, नीचे से ऊपर और सांकेतिक रुप में भी लिखा-पढ़ा जाता है। गैर सरकारी तौर पर हो भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु बढ़ावा देने में टाटा स्टील के कॉरपोरट सोशल रिस्पोंसिबिलिटी विभाग द्वारा संचालित केन्द्रों में भी पढ़ाया जाता है।

लाको बोदरा विद्यार्थियों को "वारंगचिति" लिपि की शिक्षा देने के साथ-साथ धर्म विज्ञान का उपदेश भी देते थे । जोड़ापोखर, झींकपानी में एक आवासीय सह-शिक्षा विद्यालय की स्थापना की गई , इसके अलावा आदि समाज (दुपुब होदा) द्वारा लोटा खूंटपानी प्रखंड , गुडासाई मनोहरपुर, टुंटाकटा मझगाँव, दाईगोड़ा घाटशिला, बड़ानन्दा एवं डोंगुआपोसी जगन्नाथपुर, जमशेदपुर, क्योंझर, सुकिन्दा ओड़िशा, इत्यादि कई स्थानों पर "वारंगचिति" लिपि प्रशिक्षण का केंद्र खोला गया । इन केन्द्रों में व्यवहारिक शिक्षा यथा जड़ीबूटी, सिलाई कढा़ई, बुनाई, बागवानी, बढ़ई, लोहार इत्यादि ।

नई लिपि में लिखी गई पुस्तकों का मुद्रण झींकपानी की अड़ो: इप्पिल माला मुद्रा प्रेस में हुआ । गुरु लोको बोदरा ने समाज में फैली बुराईयों, कुरीतियों, बलीप्रथा, अंधविश्वास एवं रूढ़िवादीता पर भी कड़ी चोट की । उन्होने आदि समाज मे राजी खुशी (प्रेम विवाह) के स्थान पर आन्दी विवाह (माता पिता की स्वीकृति से विवाह) को प्रोत्साहित किया । उनके देउरी (पुजारी) कर्मकांड तथा हवन हिन्दू विवाह के सदृश्य सम्पन्न कराते हैं। पुरूष जनेऊ तथा विवाहित महिलाऐं हिन्दू महिलाओं जैसा मांग में सिन्दूर लगाती हैं तथा लौह की चूड़ी धारण करती है। लाको बोदरा ने हिन्दू धर्म ग्रन्थ वेद, रामायण तथा महाभारत के साथ साथ कुरान व बाइबल का भी अध्ययन किया । उन्होने ट्राइबल समुदाय के विवाह संस्कार एवं मृत्यु संस्कार में भी संशोधन किए, इसलिए उन्हें 'बोदरा बोरोम' भी कहा जाता है ।


कृतियाँ - सहार होड़ा (स्वर्ग के रास्ते) , बोंगा होड़ा (बोंगा की राह), एला ओल इतू उटा, षड़ा पुड़ा सांगेन, ब्ह बूरू-बोडंगा बूरु, षार होरा, पोम्पो (अक्षर विज्ञान) , रघुवंश, शिशु हलं, होरा बारा, कोल रूल, एनी , हो बाकणा (हो व्याकरण), हसे हयम पहम पुति , बड़ा बुड़ा सगेन, हलं हलपुड, पार होरा, आईदा होडोअ सेबा षड़ा गोवरि,

सम्मान एवं पुरस्कार - गुरु लोको की कई पुस्तकें झारखण्ड के विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों के पाठ्क्रमों में शामिल की गई हैं । टाटा स्टील द्वारा
पश्चिमी सिंहभूम जिला के खूंटपानी प्रखंड में कोल गुरु लाको बोदरा का पैतृक गांव पासेया में स्मारक बनवाया गया है । जमशेदपुर के मानगो शंकोसाई रोड नंबर 5 , सीतारामडेरा, ट्राइबल कल्चरल सेंटर सोनारी , डुमरिया के स्वर्गछिड़ा में ओत् गुरु की प्रतिमाएँ स्थापित हैं । वर्ष 1976 में उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया था ।

एक रचना-

नोकोया नपिरयन सिर्फ चाङइते
नोकोया सेनो:यन सिर्फ दिङगते
नोकोया नोयारेमन दोरेया तलाते
नोकोया नोवारेयन द:डनो तलाते
दिषुम रेको ! निमिन जके ते
गिति: कन गे हपह कते
मेडेम मेडेपे में मेटो: पे सनमते
विरिड बेरेड पे बिरइतो आते ॥

इन प्रेरक पंक्तियों का हिन्दी अनुवाद- आज के युग में कोई सुदूर आकाश में चाँद पर जा रहा है, तो कोई सूरज की ओर गतिमान है । कोई तैरकर विशाल सागर को पार कर रहा है तो कोई समुद्र की अतल गहराई में जाकर अनुसंधान कर रहा है । हे देशवासियों, तुम अभी भी अज्ञानता की चिरनिद्रा में सोये हुए हो और मूकदर्शक बन कर मौन हो । अब जाग जाओ और आँखे खोलकर संसार को, संसार की प्रगति को देखो । तुम खुद जगो और अन्य को भी जगाओ ।

संदीप मुरारका
21 अप्रेल 2020


Monday, 20 April 2020

सिदो कान्हु - हूल विद्रोह के नायक


जन्म : सिदो 1825 कान्हु 1830
जन्म स्थान: संथाल परगना बरहेट प्रखण्ड के भगनाडीह गांव, झारखण्ड
निधन:  26 जुलाई 1855 को फाँसी दी गई
मृत्यु स्थल : पंचकठीया, बरहेट प्रखंड, साहेबगंज
पिता : चुन्नी मांझी 

जीवन परिचय - सिदो-कान्हू मुर्मू का जन्म भोगनाडीह नामक गाँव में एक ट्राइबल संथाल परिवार में हुआ था। संथाल विद्रोह में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ये 6 भाई बहन थे , जिनके नाम चाँद मुर्मू ,भैरव मुर्मू , फुलो मुर्मू एवं झानो मुर्मू थे।

स्वतंत्रता संग्राम में योगदान -सिदो-कान्हू ने 1855 मे ब्रिटिश सत्ता, साहुकारो व जमींदारो के खिलाफ एक विद्रोह की शुरूआत की थी, जिसे 'संथाल विद्रोह या हूल आन्दोलन' के नाम से जाना जाता है। संथाल हूल विद्रोह का नारा था 'अंग्रेजो हमारी माटी छोड़ो' । कार्ल मार्क्स ने इस विद्रोह को ‘भारत की प्रथम जनक्रांति’ कहा था।वर्ष1820 में बिहार के भागलपुर जिले के कलेक्टर ‘ऑगस्टस क्विसलेण्ड’ के आदेश पर ईस्ट इण्डिया कंपनी का एक अधिकारी ‘फ्रांसिस बुकानन’ राजमहल की पहाड़ियों को पार करके ट्राइबल गाँवो में नियुक्त हुआ ।उस समय वहां के ट्राइबल्स जंगल से लकड़ियाँ लाकर बाजार में बेचने एवं खेती द्वारा अपनी जीविका चलाते थे । किन्तु व्यवस्थित खेती के नाम पर ‘फ्रांसिस बुकानन' ने क्षेत्र में स्थायी बंदोबस्ती को लागू कर दिया, जिसका वहां के मूलवासियों पर प्रतिकूल असर पड़ा । इसके अनुसार ट्राइबल्स पर जंगल से कोई भी संसाधन निकालने और शिकार पर रोक लगा दी गयी । सिदो कान्हू अंग्रेजों की नीतियों से आक्रोशित थे ।

फसल अच्छी नहीं हो पाने पर भी किसानों को लगान देना पड़ता था , ऐसी स्थिति में कई बार कर्ज़ लेकर लगान चुकाना पड़ता था, कर्ज लौटाने की शर्ते ऊंची हुआ करती थी, साहूकार सादे कागज़ पर ट्राइबल्स के अंगूठे के निशान लगवा लिया करते थे । वसूली के लिए महाजनों के गुर्गे ट्राइबल्स व उनके घर की महिलाओ के साथ दुर्व्यवहार किया करते थे और अंग्रेज प्रशासन भी उनकी ही ओर खड़ा दिखता ।

महाजन साहूकारों की बर्बरता का एक खास साथी पंचकठीया तहसील का थानेदार महेश लाल दत्त था, जो औरतों के साथ उत्पीड़न के मामले में वह सबसे आगे रहता था. यही नहीं आदिवासी जब भी ‘पंचकठीया’ बाजार में अपने रोजमर्रा की चीजें खरीदने-बेचने जाते, तो उन्हें महेश लाल दत्त के आतंक का सामना करना पड़ता।


सिदो - कान्हू ने हूल आन्दोलन को सफल बनाने के लिए धर्म का सहारा लिया। देवता मरांग बूरू और देवी जाहेर एस के दर्शन और अबुआ राज स्थापित करने की बात को प्रचारित कर लोगों की भावना को उभारा। ट्राइबल्स के हर घर में 'सखुआ  डाली' भेज कर लोगों को आमंत्रित किया कि मुख्य देवी देवता का आशीर्वाद लेने के लिए 30 जून को भगनाडीह में जमा होना है। फलस्वरूप आहूत सभा में लगभग साठ हजार ट्राइबल्स तीर कमान, दरांती, भाले और फरसा जैसे परंपरागत हथियारों के साथ एकत्रित हो गये। उस सभा में सिदो को राजा, कान्हू को मंत्री, चाँद को प्रशासक और भैरव को सेनापति मनोनीत कर नये संथाल राज्य के गठन की घोषणा कर दी गई । सभा ने संकल्प लिया गया कि गाँवो से महाजन, पुलिस, जमींदार, सरकारी कर्मचारी एवं नीलहे गोरों को मार भगाना है और ना लगान ही देना है ना कोई सरकारी आदेश मानना है । इस विद्रोह की खबर आग की तरह सारे क्षेत्र में फैल गई.

इसी कड़ी में दारोगा महेश लाल दत्त को खबर लगी, तो वह कलेक्टर क्विसलेण्ड के आदेश पर सिदो कान्हु को गिरफ्तार करने उपरोक्त सभास्थल पर पहुंचा , जहाँ एकत्रित ट्राल्बल्स उग्र हो गए । उन्होंने दरोगा महेश लाल की हत्या कर दी और इसी के साथ प्रारंभ हुआ ‘सन्थाल हूल आन्दोलन’ । इतने पर भी उग्र भीड़ रुकी नहीं, उन्होने महाजनों के घरों पर हमला कर कर्ज के दस्तावेजों को जला दिया ।

इधर महेश लाल की सूचना मिलने पर के बाद अंग्रेज कलेक्टर क्विसलेण्ड कप्तान मर्टीलो के साथ भागलपुर से सेना सहित संथाल विद्रोह को दबाने आया। पाकुड़ जिले के संग्रामपुर नामक स्थान पर सिदो कान्हु की सेना के साथ क्विसलेण्ड की सेना का भीषण युद्ध हुआ । एक ओर ट्राइबल्स के जोश, उत्साह, पारम्परिक हथियार थे तो दूसरी ओर आधुनिक हथियार और तकनीक से लैस कुशल नेतृत्व वाली अंग्रेज़  सेना ।

शुरुआती लड़ाई में ट्राइबल्स ही भारी पड़े, क्योंकि नेतृत्व कर्ता सिदो कान्हू जंगल और पहाड़ियों में लड़े जाने वाले ‘गुरिल्ला युद्ध’ में पारंगत थे ,उन्होने अंग्रेज़ी सेना का जमकर नुकसान पहुंचाया । कैप्टेन मर्टीलो ने उनकी ताक़त व कमजोरी को आँक लिया और नई रणनीति के तहत संथाल विद्रोहियों को मैदानी इलाके में उतरने पर मजबूर किया । जैसे ही ये विद्रोही पहाड़ों से उतरे,अंग्रेज़ी सेना इन पर हावी हो गई । भारी संख्या में ट्राइबल लड़ाके मारे गए , 9 जुलाई 1855 को सिदो कान्हू के छोटे भाई चाँद और भैरव भी मारे गए ।

सिदो कान्हु के द्वारा आगाज हूल आन्दोलन व्यापक पैमाने पर फैलने लगा और झारखंड के पाकुड़ प्रमंडल के अलावा बंगाल का मुर्शिदाबाद और पुरुलिया इलाका भी इसके प्रभाव में आ गया । किन्तु सिदो कान्हु की सेना के पास खाने का समान तक नहीं था, आगे की रणनीति व रसद की व्यवस्था करने दोनोँ भाई 26 जुलाई 1855 की रात को अपने साथियों के साथ गांव पहुँचे। तभी किसी मुख़बिर की सूचना पर अचानक धावा बोलकर अंग्रेज़ सिपाहियों ने दोनों भाइयों को गिरफ़्तार कर लिया , उन्हें घोड़े से बांधकर घसीटते हुए पंचकठीया ले जाया गया और वहीं बरगद के एक पेड़ से लटकाकर उन वीरों को फाँसी दे दी गई ।

संथाल विद्रोह के वक्त अग्रेजों द्वारा रातों-रात मार्टिलो टावर का निर्माण करवाया गया था, इस टावर में 52 छेद हैं, जिनसे अंग्रेजों ने फायरिंग की और हजारों क्रांतिकारी शहीद हुए ,पाकुड़ में अवस्थित यह मर्टीलो टॉवर आज भी सिदो कान्हु की शौर्यगाथा गाता है ।

सम्मान - सिदो कान्हु के नाम पर वर्ष 1992 में दुमका में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की स्थापना की गई । 6 अप्रेल 2002 को भारत सरकार द्वारा सिदो कान्हु पर 4 रुपए की डाकटिकट जारी की गई । मई 2016 में प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिदो कान्हू मुर्मू सेतु का उदघाटन किया । एक ही नदी पर बना यह पुल दुनिया का सबसे लम्बा सड़क पुल है, इसकी लम्बाई 6,000 मीटर है , यह साहेबगंज से मनिहारी को जोड़ने वाले गंगा नदी पर उत्तर-दक्षिण की दिशा में बना है । लखीकुंडी, दुमका एवं फागूटोला, पाकुड़ में सिदो-कान्हू के नाम पर पार्क बने हुए हैं । 18 अप्रेल 2018 को हजारीबाग के बड़कागांव के उरीमारी में सिदो कान्हु की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई हैं, भोगनाडीह साहेबगंज, दुमका सिदो कान्हु यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर के भुइयांडीह, चंद्रपुरा इत्यादि झारखण्ड के कई स्थानों पर सिदो कान्हु की प्रतिमा स्थापित है । प्रत्येक वर्ष 30 जून को हूल दिवस के रूप में मनाया जाता है , झारखण्ड सरकार द्वारा इस दिन अवकाश घोषित किया गया है ।

Sunday, 19 April 2020

निलाम्बर पीताम्बर

निलाम्बर पीताम्बर

जन्म : 10 जनवरी 1823
जन्म स्थान: भंडरिया प्रखंड के चेमू-सनेया ग्राम , गढ़वा जिला, झारखण्ड
निधन: 28 मार्च 1859 में फाँसी दी गई
मृत्यु स्थल : लेस्लीगंज , पलामू
पिता : चेमू सिंह 

जीवन परिचय - पीताम्बर साही और नीलाम्बर साही का जन्म झारखंड राज्य के गढवा जिला के चेमो-सनेया गांव में खरवार की उपजाति भोक्ता जाति में हुआ था। इनके पिता चेमू सिंह पराक्रमी जागीरदार थे। उनको व खरवार जाति को शांत रखा जा सके इसलिए अंग्रेजो ने उन्हें दो जागीर दी हुई थी , किन्तु चेमू सिंह का सम्बन्ध अंग्रेज सरकार से सदैव कड़वाहट भरा रहा । यहीं घर से ही दोनोँ भाइयों के मन में अंग्रेजो के विरुद्ध बीज पनपने लगा । नीलाम्बर के किशोरावस्था में पहुँचते-पहुँचते पिता चेमू सिंह की मृत्यु हो गयी थी और नीलाम्बर ने ही पीताम्बर को पाला । कुशाग्रबुद्धि के साथ साथ दोनोँ भाई पराक्रमी वीर एवं गुरिल्ला युद्ध’ में निपुण थे ।

स्वतंत्रता संग्राम में योगदान- 1857 के विद्रोह के समय पीताम्बर रांची में थे, उन्होंने आन्दोलन को नजदीक से देखा और पलामू लौटकर अपने भाई निलाम्बर से देश की स्थिति पर गहन विमर्श किया । निलाम्बर पीताम्बर भाईयों ने पलामू में अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह की योजना तैयार की और उसी क्रम में स्थानीय खरवार, चेरो तथा भोगता समुदाय की जनजातियों को बड़े पैमाने पर संगठित किया । दोनोँ भाइयों के नेतृत्व में 21 अक्टूबर 1857 को चैनपुर, शाहपुर तथा लेस्लीगंज स्थित अंग्रेजों के कैंप पर आक्रमण कर दिया गया। इन्होंने नवम्बर, 1857 को ‘राजहरा कोयला कम्पनी’ पर हमला कर दिया, जिसके कारण अंग्रेज़ों को बहुत क्षति पहुँची। इनका संपर्क रांची के प्रमुख क्रांतिकारी ठाकुर विश्वनाथ शाही एवं पांडेय गणपत राय तथा बिहार के बाबू कुंवर सिंह से भी था । जिससे घबराकर कमिश्नर डाल्टन मद्रास इंफेंट्री के 140 सैनिक, रामगढ़ घुड़सवार की छाेटी टुकड़ी तथा कुछ बंदुकचीयो के साथ 16 जनवरी 1858 काे पलामू आ गए एवं इनके आन्दोलन को कुचलने के लिए एडी-चोटी का जोर लगा दिया । परन्तु निलाम्बर पीताम्बर के नेतृत्व में ट्राइबल्स आंदोलनकारियों ने कर्नल डाल्टन जैसे दमनकारी अंग्रेज को छक्के छुड़ा दिए । डाल्टन ने 12 फरवरी काे चेमू-सेनया स्थित नीलांबर-पीतांबर के गढ़ सहित पूरे गांव में लूट-पाट कर सभी घराें काे जला दिया, इनके संपत्ति, मवेशियाें तथा जागीराें काे जब्त कर लिया और लाेहरदगा के तरफ बढ़ गया । जनवरी 1859 में कप्तान नेशन और लेफ्टीनेंट ग्राहम पलामू विद्रोह को दबाने में सक्रिय हो गए , साथ साथ ब्रिगेडियर डाेग्लाज एवं शाहाबाद की सीमा पर कर्नल टर्नर सक्रिय थे । अंग्रेज खरवार एवं चेरवा समुदाय के बीच फूट डालने में सफल रहे, लगातार चौतरफा हमलों से निलाम्बर पीताम्बर की शक्ति घटती चली गयी । जासूसाें की सूचना पर अंगरेजी सेना ने पलामू में आंदाेलन के सूत्रधार नीलांबर-पीतांबर काे एक संबंधी के यहां से गिरफ्तार कर लिया , फिर बिना मुकदमा चलाये ही 28 मार्च 1859 काे लेस्लीगंज में इन्हें सरेआम पहाड़ी गुफा के सामने आम के पेड़ पर फाँसी दे दी गयी ।

सम्मान - वर्ष 2009 में इनके नाम पर झारखण्ड सरकार ने मेदिनीनगर डालटेनगंज में नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय की स्थापना की है । झारखंड के रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड इलाके में आसना टांड माथागोड़ा में , रांची के मोरहाबादी मैदान में , खलारी प्रखण्ड के बड़काटांड ,लातेहार जिला में सदर थाना के कोने गांव एवं अन्य कई स्थानों पर अमर शहीद वीर नीलाम्बर-पीताम्बर की प्रतिमा स्थापित की गई है ।

पंडित रघुनाथ मुर्मू

पंडित रघुनाथ मुर्मू

जन्म: 5 मई 1905
जन्म स्थान: मयूरभंज ज़िले के डांडबूश गाँव, ओड़िशा
निधन: 1 फरवरी 1982
पिता : नंदलाल मुर्मू

जीवन परिचय - पारसी सिञ्ज चांदो (संथाली भाषा के सूरज) ' पंडित रघुनाथ मुर्मू ' संथाली भाषा की लिपि ओल चिकी के जन्मदाता थे ।  प्रो. मार्टिन उराँव ने अपनी पुस्तक ‘दी संताल - ए ट्राईब इन सर्च ऑफ दी ग्रेट ट्रेडिशन’ में ऑलचिकी की प्रशंसा करते हुए उन्हें संतालियों का महान गुरु कह कर संबोधित किया। गुरु गोमके ने भाषा के माध्यम से सांस्कृतिक एकता के लिए लिपि के द्वारा जो आंदोलन चलाया वह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा - "अगर आप अपनी भाषा - संस्कृती , लिपि और धर्म भूल जायेंगे तो आपका अस्तित्व भी ख़त्म हो जाएगा ! " उन्होंने बोडोतोलिया हाई स्कूल में अध्यापन का कार्य किया और 1977 में झाड़ग्राम के बेताकुन्दरीडाही ग्राम में एक संताली विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था । इनकी धर्मपत्नी का नाम नेहा बास्के था । इन्होने 1964 में ' आदिवासी सोशीयो एजुकेशनल एंड कल्चरल एसोशिएसन' आस्का की स्थापना की । इनके बचपन का नाम चुन्नू था, इनकी प्राथमिक शिक्षा अपने गाँव से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित गम्हरिया यू.पी. स्कूल में और मिडिल स्कूल की पढ़ाई गाँव से 12 किलोमीटर दूर स्थित बहड़दा एम्.ई.स्कूल में हुई । इन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई माराज कृष्णा चंद्र हाई स्कूल , बारीपदा से करते हुए 1928 में द्वितीय श्रेणी से मैट्रिक की परीक्षा पास की। उन्होंने 1929-30 के दौरान कुछ समय के लिए अप्रेंटिस किया और फिर बारीपदा के ही कपड़ा बुनाई के कारखाने में भर्ती हो गए। बाद में औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया और पूर्णचंद्र औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र बारीपदा में बतौर प्रशिक्षक सेवाएं भी दी । 1933 में इन्हे बादाम ताड़िया मॉडल स्कूल में औद्योगिक शिक्षक के रूप में नियुक्त  किया गया, जहाँ अध्यापन कार्य के दौरान स्कूल में ही लकड़ी की छपाई मशीन प्रारम्भ की , जिसे देखकर सभी आश्चर्यचकित हो जाया करते थे , 1939 में बारीपदा की प्रदर्शनी उस लकड़ी की छापा मशीन को प्रदर्शित किया गया तो जितनी प्रशंसा उस मशीन की हुई, उससे ज्यादा प्रशंसा उससे छपे गुरु गोमके के इन शब्दों की हुई -
"जानाम आयोय रेन्गेज रेंहो
ऊनिगेय हाग-राहा
जानाम रोड़ दो निधान रेंहो
ओना तेगे माग-रांग-आ"

हिन्दी में भावार्थ है, “जन्म देने वाली माँ गरीब होने पर भी वही परवरिश करती है। मातृभाषा का निधन होने पर भी उसी से महान बना जा सकता है।"

गुरु गोमके ने रायरंगपुर गवर्नमेंट हाईस्कूल में प्रधान शिक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दी ।

साहित्यिक परिचय - गुरु गोमके के नाम से प्रसिद्ध पंडित रघुनाथ ने महसूस किया कि उनके समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपरा के साथ ही उनकी भाषा को बनाए रखने और बढ़ावा देने के लिए एक अलग लिपि की जरूरत है । इसलिए उन्होंने संथाली  लिखने के लिए ओल चिकी लिपि की खोज के काम को प्रारम्भ किया जो 1925 में पूर्ण हुआ। ओलचिकी लिपि गढ़ते समय प. रघुनाथ असमंजस में थे कि वर्णों कोे कैसे और किस आधार पर बनाया जाए। उनसे पहले किसी ने संथाली लिखने के लिए कोई आधार तैयार नहीं किया था। ऐसे में उन्होने सबकुछ प्रकृति का सहारा लिया, ट्राइबल्स सदैव से ही प्रकृति के उपासक रहे हैं , वे पेड़-पौधे, नदी-तालाब, धरती-आसमान, आग-पानी का स्मरण करने लगे। पक्षियों की आवाज समझने लगे। घंटों नदी-आग के पास बैठकर चिंतन करने लगे। फिर पहला अक्षर धरती के स्वरूप जैसा ओत-(0) और दूसरा आग पर बनाया, लिपि में 6 स्वर और 24 व्यंजन हैं ।   उपरोक्त लिपि का उपयोग करते हुए उन्होंने 150 से अधिक पुस्तकें लिखीं, जैसे कि व्याकरण, उपन्यास, नाटक, कविता और सांताली में विषयों की एक विस्तृत श्रेणी को कवर किया, जिसमें सांलक समुदाय को सांस्कृतिक रूप से उन्नयन के लिए अपने व्यापक कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में ओल चिकी का उपयोग किया गया। 22 दिसम्बर 2003 को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूचि में संथाली भाषा को शामिल किए जाने में गुरु गोमके का योगदान अविस्मरणीय रहेगा ।

कृतियाँ - गुरु गोमके की पहली पुस्तक ‘नेल जोंग लागिद ऑल’  का प्रकाशन जमशेदपुर में मुनिराम बास्के की प्रिंटिंग प्रेस में हुआ था ।

उपन्यास - बिदु चंदन
संथाली नाटक - दाड़े गे धोन , खेरवाड़ बीर , सिदो कान्हू संथाल हूल
व्याकरण - रोणोड़
बाल साहित्य - ऑल चेमेद , ऐलखा ,ऑल उपुरुम, पारसी पोहा , पारसी ईतुन, पारसी आपद
धार्मिक पुस्तक - हीताल और बांखेड़
गीत - लाक्चर सेरे्ज और  होड़ सेरेंग
अन्य - खरगोश बीर , दरेज धन, सिद्धु-कान्हू

सम्मान एवं पुरस्कार - बिहार , पश्चिम बंगाल और उड़ीसा सरकार के अलावा, उड़ीसा साहित्य अकादमी सहित कई अन्य संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया, रांची विश्वविद्यालय द्वारा माननीय डी लिट की उपाधी से उन्हें सम्मानित किया गया। वर्ष 2017 मेँ ओडिशा सरकार ने इनके नाम पर बारीपदा में पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल काँलेज एवं हास्पिटल की स्थापना की है । झारखण्ड के चांडिल स्थित एन०एच०-33 स्थित कान्दरबेड़ा दोमुहानी चौक में, ओड़िशा के मयूरभंज जिले के डांडपोस में प्रस्तावित आदिवासी संस्कृति केन्द्र स्थल पर एवं ओडिशा ट्राइबल डेवेलपमेंट सोसाईटी, भुबनेश्वर में गुरु गोमके की प्रतिमा स्थापित की गई है । रायरंगपुर के डांडबुश-डाहारडीह गांव में पंडित रघुनाथ मुर्मू का समाधि स्थल है । पश्चिम बंगाल राज्य में संथाली भाषा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक त्रिभाषी (संथाली-अंग्रेजी-बंगाली) शब्दकोश प्रकाशित किया गया है।

एक रचना-

सिबिलामाँञ्ज गातेञ्ज सिबिलामा
ओत मुचाद गातेञ्ज सेरमा मुचाद
बिन ईल ते गातेञ्ज ओबोर बुरुय उडाग लेका
बिन जाड़ी ते गाते रोहोड़ गाडा लालेग लेका
सिबिलामाँञ्ज गातेञ्ज सिबिलामा
ओत मुचाद गातेञ्ज सेरमा मुचाद

गहरे और पवित्र प्यार को व्यक्त करने वाली पंक्तियों का हिन्दी अनुवाद-

प्यार करूंगा प्यारी प्यार करूंगा ,
धरती के अंत तक प्यारी आसमान के अंत तक,
बिन पंख के भारी पहाड़ उड़ने के जैसा,
बिन वर्षा के प्यारी सूखी नदी में बाढ़ होने के जैसा।
प्यार करूंगा प्यारी प्यार करूंगा,
धरती के अंत तक प्यारी आसमान के अंत तक।

- संदीप मुरारका

Thursday, 16 April 2020

बिरसा



मुझे एक एफआईआर करनी हैं , मेरी हत्या की एफआईआर !

किन्तु कहाँ करूँ ? किस थाने में करूँ ? राँची के उलिहातू गाँव के थाना में , जहाँ 15 नवम्बर 1875 को मेरा जन्म हुआ या राँची के सर्कुलर रोड थाना में , जहाँ जेल में ही 9 जून 1900 को देह त्याग की थी । 
या झारखण्ड के हर थाना में , क्योंकि मेरी हत्या के आरोपी तो राज्य के हर थाना क्षेत्र में मिलेंगे । 

दर्ज की जाने वाली सनहा में किसके नाम लिखवाऊँ , अंग्रेजो के या अपनों के । क्योंकि अंग्रेजो की जेल में तो सिर्फ मेरे शरीर का अन्त हुआ था, किन्तु मैं जीवित रहा, हर उस क्रन्तिकारी के ह्रदय में एक ज्वाला बन कर जो आजादी के लिए लड़ रहे थे । देश भले ही 1947 में आजाद हो गया, पर हमारा ट्राइबल समुदाय अब भी उत्पीड़ित था । मैं जीवित रहा ‘ऊलगुलान’ बनकर, कभी सूद प्रथा के विरोध में, कभी महाजनों के शोषण के विरुद्ध, कभी खनन के बहाने हमारे जंगलो को छीन लेने के विरुद्ध, कभी रेल तो कभी नहर के बहाने हमारे विस्थापन के विरुद्ध, तो भी मैं एक उम्मीद के भरोसे जीवित रहा कि कभी तो साकार होगा सपना - 'अबुआ: दिशोम रे अबुआ: राज' अर्थात अपने देश में अपना शासन ।

'अबुआ: दिशोम रे अबुआ: राज' 

15 नवम्बर 2000 , अंततः सपना साकार हुआ, अबुआ: राज्य बना 'झारखण्ड' , अबुआ: राज प्रारम्भ हुआ । मुख्यमन्त्री बने बाबूलाल मरांडी एवं नेता प्रतिपक्ष हुए स्टीफेन मरांडी । मैं निश्चित था क्योंकि मार्गदर्शक की भूमिका में जहाँ एक ओर शिबू सोरेन सक्रिय थे तो दूसरी ओर युवा तुर्क नेता के रूप में अर्जुन मुण्डा की पहचान राज्यव्यापी सर्वप्रिय हो रही थी । झारखण्ड के पास कड़िया मुण्डा जैसा गम्भीर चेहरा था वहीं चम्पाई सोरेन जैसे जुझारू आंदोलनकारी । डॉ रामदयाल मुण्डा, सालखन मुर्मू, सूर्य सिंह बेसरा, बागुन सूम्ब्रई, लक्ष्मण टुडू, शिवशंकर उरांव, मेनका सरदार,कोचे मुण्डा, ताला मरांडी,नलिन सोरेन, सुनील सोरेन,थामस सोरेन, थामस हांसदा, सुशीला हांसदा जैसे कई नेता दबे कुचले पिछड़े झारखण्ड व इसके निवासियों का स्वर्णिम भविष्य बनाने की मुहिम में जुट गए । समय के क्रम के साथ एक नया, युवा व सशक्त नेतृत्वकर्ता भी तैयार हुआ हेमन्त सोरेन ।

'मैं कब कब मारा गया ?'

वर्ष 2001- 02 में झारखण्ड का पहला बजट पारित हुआ रुपए 4800.12 करोड़ का , वहीँ 2020- 21 में रुपए 86,370 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया गया है , यानि बजट में 18 गुणा की वृद्धि । यदि विधानसभा स्तर पर देखा जाए तो प्रति विधानसभा क्षेत्र लगभग 1000 करोड़ रुपए का प्रावधान, यदि जिलावार देखा जाए तो लगभग 3500 करोड़ प्रति जिला खर्च की तैयारी ।
इसके बावजूद मेरे लोगों के लिए स्कूल हो या अस्पताल , दोनोँ ही उनकी पहुँच से दूर हैं । तब मुझे लगता है कि अब मैं मारा गया ।

झारखण्ड का क्षेत्रफल 79714 वर्ग किलोमीटर है ,यानि प्रति वर्ग किलोमीटर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट है । उसके बावजूद केवल शिकायत और समस्याएँ । ये आंकड़े देखकर मुझे लगता है कि अब मैं मारा गया ।

वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार झारखण्ड की कूल जनसंख्या 2,69,45,829 थी, उसमें ट्राइबल्स की संख्या थी 70,87,068 यानि 26.31% वहीँ वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार झारखण्ड की जनसंख्या 3,29,88,134 थी , जिसमें अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या 86,45,042 यानि 26.2% है ।

लेकिन वर्ष 2001 में 3317 गाँव ऐसे थे जहाँ 100% ट्राइबल्स थे, वर्ष 2011 में ऐसे गाँव घटकर मात्र 2451 रह गए ।* लोग कहते हैं कि गाँव के लोगों का पलायन शहर की ओर हो रहा है तो फिर ट्राईबल्स गाँव में बसने कौन लोग आ रहे हैं कि हमारे गाँवो में हमारी ही उपस्थिति घटती जा रही है । आंकड़े देखकर मुझे लगता है कि अब मैं मारा गया ।

23 अप्रेल 2010 को देश की संसद में अर्जुन मुण्डा की स्पीच चल रही थी, मैं सुन रहा था, उन्होने बताया कि झारखण्ड में बिछ रही रेलवे लाईन के लिए एक ट्राइबल महिला मंगरी देवी, जिला रामगढ़, अंचल पतरातू , मौजा चिट्टो, हलका संख्या 7, थाना संख्या 0067, खाता संख्या 45, रकबा एक एकड़ तेरह डिसिमल (1.13 एकड़) भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है और मुआवजे के तौर पर उस विधवा ट्राइबल महिला को मात्र रुपए 1848/- दिए जा रहे हैं यानि मात्र 16.35 प्रति डिसिमल यानि मात्र 4 पैसे प्रति वर्ग फुट ! एक ट्राइबल की पुश्तैनी जमीन का वर्ष 2010 में यह मुआवजा, सुनते ही मुझे लगा कि अब मैं मारा गया ।

कवि वामन शलाके ने ठीक ही लिखा है - 
‘सच्चा आदिवासी कटी पतंग की तरह भटक रहा है।
कहते हैं हमारा देश इक्कीसवीं सदी की ओर बढ़ रहा है॥ '

'संघर्ष की कहानी'

हर ट्राइबल का एक मौलिक अधिकार था कि हमारी महिलाएँ वन से महुआ के फूल, तेंदू के पत्ते, घर के लिए लकड़ी या मधु लाती थीं, जो आज अपराध हो गया ।

अंग्रेजो ने वनों के वाणिज्यिक महत्व को पहचानते हुए उनका उपयोग राजस्व बढ़ाने के लिए करना शुरू किया। इस प्रक्रिया में उन्होंने ट्राईबल्स के वनाधिकारों को सीमित करने के बारे में नियम बनाने का प्रयास भी किया।
1855 में वनवासियों के अधिकारों को सीमित करने सम्बन्धी मार्ग-निर्देशों वाला एक ज्ञापन जारी किया गया। 1865 में पहली बार वनों के संरक्षण और प्रबन्धन के नियमों को लागू करने का आदेश जारी किया गया, इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य वनों पर सरकारी नियन्त्रण कायम करना था। पुनः व्यापक अधिनियम- भारतीय वन अधिनियम-1878 में जारी किया गया। इसमें वनों को तीन वर्गों में विभाजित किया गया था- (1) आरक्षित वन, (2) संरक्षित वन, और (3) ग्रामीण वन। आरक्षित वनों में अनधिकृत प्रवेश और पशुओं का चरना प्रतिबन्धित था । इस कानूनों के कारण भारत की कुल वनभूमि का 97 प्रतिशत क्षेत्र सरकार के अधिकार में आ गया जिसकी वजह से ट्राइबल्स का वनों में प्रवेश सीमित हो गया। जबकि हमारे लिए वन ही जीवनयापन का मुख्य साधन था । हमारा जंगल- हम जंगल के, हमारी भूमि- हम उस भूमि के पुत्र और हमलोगों पर ही प्रतिबंध ! एक ओर शासक के रूप में अंग्रेजो का कानून दूसरी ओर जमींदारों द्वारा बढ़ता शोषण ।

मराठी भाषा के प्रसिद्ध ट्राइबल कवि भुजंग मेश्राम अपनी कविता में मेरा आहवान करते हैं- 

बिरसा तुम्हें कहीं से भी
कभी भी
आना होगा ।
घास काटती दरांती हो या
लकड़ी काटती कुल्हाड़ी
खेत- खलिहान की मजदूरी से
दिशा - दिशाओं से
गैलरी में लाए गए
गोटुली रंग से
कारीगर की भट्टी से
यहां से वहां से
पूरब से
पश्चिम से
उत्तर से
दक्षिण से
कहीं से भी आ मेरे बिरसा
खेतों का हरा भरा बयार बनकर
लोग तेरी ही बाट जोहते.......

अब मैं अपने प्रिय कवि भुजंग को क्या बतलाऊं कि मैं गया कब था, जो आऊँगा । ट्राइबल का हर उलगुलान मैं ही तो हूँ । वर्ष 1895 में छोटानागपुर के सभी ट्राइबल जंगल पर दावेदारी के लिए गोलबंद हुए तो अंग्रेजी सरकार के पांव उखड़ने लगे। महाजन, जमींदार और सामंत उलगुलान के भय से कांपने लगे।

अंग्रेज सरकार ने मेरे उलगुलान को दबाने की हर संभव प्रयास किया , लेकिन हम ट्राइबल्स के गुरिल्ला युद्ध के समक्ष अंग्रेज असफल रहे। मेरा एक ही लक्ष्य था - “महारानी राज तुंदु जाना ओरो अबुआ राज एते जाना” यानी कि ‘ ब्रिटिश महारानी का राज खत्म हो और हमारा राज स्थापित हो’। 

अंग्रेजो के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहा, 1897 में मैने तीर कमानों से लैस चार सौ ट्राइबल वीरों के साथ खूँटी थाने पर धावा बोल दिया। 1898 में तांगा नदी के किनारे हमारी भिड़ंत अंग्रेज सेना से हुई , हमारी जीत भी हुई लेकिन हमारे कई साथियों की गिरफ़्तारियां हो गई । 

मुझे सबसे ज्यादा अफसोस 25 जनवरी 1900 में उलिहातू के समीप डोमबाड़ी पहाड़ी पर घटी एक घटना का रहा, जब अंग्रेजो और सूदखोरों के विरुद्ध आयोजित एक जनसभा में मेरे ट्राइबल्स भाई बहन एकत्रित थे ,संयोगवश मेरा ही सम्बोधन चल रहा था कि अचानक अंग्रेज सैनिकों ने हमला कर दिया, दोनोँ पक्षों मे जमकर संघर्ष हुआ, मेरे साथियों के हाथों में तीर धनुष, भाला, कुल्हाड़ी, टंगीया इत्यादि थे, परन्तु दुश्मन की बंदूक-तोप का सामना हमारे पारंपरिक हथियार भला कब तक कर पाते, अंततः लगभग 400 लोग मारे गए, जिनमें औरतें और बच्चे भी थे । कई साथी गिरफ्तार कर लिए गए । मेरी गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया, मुझपर रुपए 500/- इनाम घोषित हुआ ।

'मृत्यु या हत्या '

अकोला के शिवकवि लिखते हैं - 

अंग्रेजो के विरुद्ध "बिरसा" 
तीर कमान को थाम कर।
देश के दुश्मन को ललकारा 
ऊसने सीना तानकर।। 
झुका नही वह बिका नही, 
लडा वह दिल तुफानकर।
अन्याय से कभी डरा नही,
मृत्यु को समीप जानकर।। 

मैं छिपते छिपाते अपने लोगों से मिलते मिलाते उलगुलान का प्रसार प्रचार करते हुए चक्रधरपुर पहुँचा, तारीख थी 3 मार्च 1900, अगली रणनीति पर चर्चा चल रही थी, रात हो चली थी, हमलोगों ने 'जम्कोपाई' जंगल में रात बिताने का निर्णय लिया, देर रात जब हमलोग सो रहे थे, किसी अपने ने ही धोखा किया, मुझे मेरे 460 साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, य़ा यूँ कहूँ कि करवा दिया गया । कवि बालगंगाधर बागी ने ठीक ही लिखा- 

सोना-चाँदी जवारात अंग्रेजों ने कैसे लूट लिये,
देश के जमींदारों ने पिछड़ों की ज़मीनें छीन लिये,
अपने ही देशवासी को, दलित अछूत कहते थे,
बेगारी में खटा-खटा के गुलाम बनाये रखते थे ।

लाचार बरसती आंखों से, शबनम व चिन्गारी थी
जिन्दा जलते लोगों में आवाज दबी एक भारी थी

'पर अपने भी गद्दार हुए, घर ऐसे ही बबार्द हुए',
उठते हुए मकान गिरे कुछ जिन्दा जल श्मशान हुए,
गांव-गांव और शहर-शहर, घर लोगों के बीरान हुये,
इसलिए तड़पते हालत पर लोगों ने हाथ कमान लिये।

बूढ़े बच्चे व नर-नारी, सबने ही तीर चलाई थी,
अंग्रेजी जमींदारी विरुद्ध लंबी लड़ी लड़ाई थी,
आज वो अफसाना इतिहास का फसाना है,
बिरसा मुण्डा का गुजरा वो ज़माना है ॥

मुझे खाट सहित बांध दिया गया था, भोर हो चली थी, हमें बंदगांव लाया गया, वहाँ अंग्रेज सैनिकों की टुकड़ी कई वाहनों के साथ तैयार थी, सड़क के दोनोँ ओर सैकड़ो ट्राइबल्स एकत्रित हो गए, परन्तु अंग्रेज हथियारबन्द थे, हमारे लोग निहत्थे व आवाक । हमें राँची जेल ले जाया जा रहा था, उस वक्त अपने उलगुलान को जिन्दा रखने के लिए मैने जो शब्द कहे, उन्हे कागज पर उकेरा "अश्विन कुमार पंकज" ने -  “मैं तुम्हें अपने शब्द दिये जा रहा हूं, उसे फेंक मत देना, अपने घर या आंगन में उसे संजोकर रखना। मेरा कहा कभी नहीं मरेगा। उलगुलान ! उलगुलान! और ये शब्द मिटाए न जा सकेंगे। ये बढ़ते जाएंगे। बरसात में बढ़ने वाले घास की तरह बढ़ेंगे। तुम सब कभी हिम्मत मत हारना। उलगुलान जारी है।”

अदालत में बैरिस्टर जैकब की बहस काम ना आई, मुझे सजा हो गई, मैं जेल की दीवारों में कैद था, किन्तु उन दीवारों के पहरेदार भयभीत थे, मुझसे मेरी अंतिम इच्छा भी नहीं पूछी गई, 9 जून 1900 को मेरे शरीर का अन्त हुआ, सरकारी फाईलों में हैजे से, मेरे लोगों ने जाना जहर से, किन्तु मैं आज भी जीवित हूँ । इसीलिए साहित्यकार हरीराम मीणा ने लिखा- 
" मैं केवल देह नहीं 
मैं जंगल का पुश्तैनी दावेदार हूँ,
पुश्तें और उनके दावे मरते नहीं
मैं भी मर नहीं सकता,
मुझे कोई भी जंगलों से बेदखल नहीं कर सकता ।
उलगुलान !
उलगुलान !!
उलगुलान !!! ’’

संसद के केंद्रीय हॉल में 16 अक्टूबर 1989 को मेरे चित्र का अनावरण तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ ने किया। मेरे जन्मदिन 15 नवंबर 1989 को तोहफे के रूप में मुझ पर डाकटिकट जारी की गई । दिनांक 28 अगस्त 1998 को संसद परिसर में मूर्तिकार बी सी मोहंती द्वारा निर्मित 14 फीट की मेरी प्रतिमा का अनावरण राष्ट्रपति के आर नारायणन ने किया। 1 अप्रेल 2017 को गुजरात के नर्मदा जिले में बिरसा मुण्डा ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है , वहीँ राँची में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना 26 जून 1981 को की गयी थी ।

किन्तु अब मैं चाहता हूँ कि मेरी हत्या की फाईल फिर खुले, मेरे हत्यारों पर एफआईआर हो, मेरा केस फिर सुना जाए, मैं यानि ट्राइबल, मैं यानि झारखण्ड का मूलवासी, मैं यानि हर वो महिला या पुरुष जो अबुआ राज में शोषित है । जंगल से बेदखल हर बिरसा के हत्यारों को खोजो, खोजो उन सात मुंडाओं को जिन्होने 500 रुपए के लालच में मुझे पकड़वाया, वैसे सात लालची स्वार्थी आज भी हर गाँव में रहते हैं, हर थाना क्षेत्र में मेरी हत्या के वैसे सात अपराधियो पर केस दायर हों । और सजा में उन्हे जेल मत भेजो, उन्हें 'बिरसा मार्ग' दिखलाओ । कवि सूरज कुमार बौद्ध के शब्दों को उन्हें समझाओ- 

हे धरती आबा/तुम याद आते हो/खनिज धातुओं के मोह में/राज्य पोषित ताकतें/हमारी बस्तियां जलाकर/अपना घर बसा रहे हैं/मगर हम लड़ रहे हैं/केकड़े की तरह इन बगुलों के/गर्दन को दबोचे हुए/लेकिन इन बगुलों पर/बाजों का क्षत्रप है/आज जंगल हुआ सुना/आकाश निःशब्द चुप है/माटी के लूट पर संथाल विद्रोह/खासी, खामती, कोल विद्रोह/नागा, मुंडा, भील विद्रोह/इतिहास के कोने में कहीं सिमटा पड़ा है/धन, धरती, धर्म पर लूट मचाती धाक/हमें मूक कर देना चाहती है/और हमारे नाचते गाते/हंसते खेलते खाते कमाते/जीवन को कल कारखानों/उद्योग बांध खदानों/में तब्दील कर दिया है/शोषक हमारे खून को ईंधन बनाकर/अपना इंजन चला रहे हैं/धरती आबा/आज के सामंती ताकतें/जल जंगल पर ही नहीं/जीवन पर भी झपटते हैं/इधर निहत्थों का जमावड़ा/उधर वो बंदूक ताने खड़ा/मगर हमारे नस में स्वाभिमान है/भीरू गरज नहीं उलगुलान है/लड़ाई धन- धरती तक/सिमटकर कैद नहीं है//हमारे सरजमीं की लड़ाई/शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति/मान, सम्मान, प्रकृति../संरक्षण के पक्ष में है//ताकि जनसामान्य की/जनसत्ता कायम हो/अबुआ दिशुम अबुआ राज की/अधिसत्ता कायम हो ॥

संदीप मुरारका
दिनांक 17 अप्रेल' 2020 शुक्रवार
वैशाख कृष्णा दशमी विक्रम संवत् २०७७

*SOURCE - Statistical Profile of scheduled Tribes in India 2013 , Ministry of Tribal Affairs, Statistics Division,GOI


Sunday, 12 April 2020

शिखर को छूते ट्राइबल्स



मुण्डा , संथाल , बीरहोर, उराँव, हो - ये झारखण्ड की जनजातियाँ नहीं बल्कि यहाँ की संस्कृति हैं । उसी प्रकार अण्डमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में "जारवा" जनजाति , आंध्र प्रदेश में "चेंचू" जनजाति , मध्य प्रदेश के "कामर" , "भील" एवं "बाईगा" , गुजरात के "कोकना" "टोडिया" , छत्तीसगढ़ में "कोरकू" , "पहाड़ी कोरवा" , "माड़िया", "बीसोन होर्न माड़िया " एवं "अबूझ माड़िया" ,महाराष्ट्र के "गोंड" , "ठाकर " एवं "वारली" , कर्नाटक में "कोलीधर" , ओड़िसा में "बोण्डा" , राजस्थान में "मीणा" "गरासिया" "सहरिया" , केरल में "पनियान" , अरुणाचल प्रदेश में "जिन्गपो लोग", असम में "देओरी लोग" इत्यादि इत्यादि नाम से भारत के हर कोने में ट्राइबल बसे हुए हैं । राँची का एयरपोर्ट बिरसा मुण्डा के नाम पर है तो स्टेडियम जयपाल सिँह मुण्डा के नाम पर । दुमका में सिद्धू कान्हू के नाम पर यूनिवर्सिटी है तो डाल्टनगंज में नीलांबर-पीताम्बर के नाम पर वहीँ बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के तहत दुमका में फूला-झानो डेयरी टेक्नोलाॅजी काॅलेज संचालित है ।

सीमित संसाधनों का उपभोग करने वाले ट्राइबल असीमित क्षमता के धनी हैं । स्वतंत्रता की लड़ाई से लेकर आज तक विभिन्न क्षेत्रो में ट्राइबल्स का अविस्मरणीय योगदान रहा है । आजादी के बाद जब भारत के सबसे विवादास्पद *कश्मीर मुद्दे* में जब एक नया मोड़ आया तो उस वक्त एक ट्राइबल को ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई । दिनांक 31 अक्टूबर 2019 को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में गिरीश चंद्र मुर्मू को नियुक्त किया गया । मयूरभंज ओड़िसा में जन्में गिरीश चंद्र मुर्मू 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं । नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के सीएम हुआ करते थे तो मुर्मू उनके प्रमुख सचिव थे। बाद में वो वित्त मंत्रालय दिल्ली में व्यय विभाग के सचिव पद पर भी आसीन रहे । 

वहीं श्रीमती द्रौपदी मुर्मू  झारखण्ड की प्रथम महिला राज्यपाल हैं, इनकी नियुक्ति 18 मई 2015 को हुई थी , इसके पूर्व वो ओडिशा विधानसभा में रायरंगपुर से विधायक तथा राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं । 

'पद्मश्री'

वर्ष 2020 की सूची में एक नाम है कर्नाटक की 72 वर्षीय पर्यावरणविद् और ‘जंगलों की एनसाइक्लोपीडिया’ के रूप में प्रख्यात तुलसी गौड़ा का, 
जो एक आम ट्राइबल महिला हैं, ये कर्नाटक के होनाल्ली गांव में रहती हैं औऱ पिछले 60 वर्षो में एक लाख से भी अधिक पौधे लगा चुकी हैं।

ट्राइबल समुदाय से संबंध रखने के कारण पर्यावरण संरक्षण का भाव उन्हें विरासत में मिला । दरअसल धरती पर मौजूद जैव-विविधता को संजोने में ट्राइबल्स की प्रमुख भूमिका रही है। ये सदियों से प्रकृति की रक्षा करते हुए उसके साथ साहचर्य स्थापित कर जीवन जीते आए हैं। जन्म से ही प्रकृति प्रेमी ट्राइबल लालच से इतर प्राकृतिक उपदानों का उपभोग करने के साथ उसकी रक्षा भी करते हैं। ट्राइबल्स की संस्कृति और पर्व-त्योहारों का पर्यावरण से घनिष्ट संबंध रहा है। यही वजह है कि जंगलों पर आश्रित होने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्राइबल सदैव तत्पर रहते हैं। ट्राइबल समाज में ‘जल, जंगल और जीवन’ को बचाने की संस्कृति आज भी विद्यमान है । 

हल्दी की खेती संबंधी मुहिम चलाने वाले मेघालय की ट्राइबल महिला किसान 'ट्रिनिटि साइऊ' को उनके द्बारा की जा रही हर्बल खेती व प्रशिक्षण के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया , इनके साथ मुलीहा गाँव की लगभग 800 महिलाएँ औऱ उनके 98 सेल्फ हेल्प ग्रुप जुड़े हुए हैं । 

संथाली भाषा की साहित्यकार एवं कवि 'डॉ. दमयंती बेसरा' को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में पद्मश्री से पुरस्कृत किया गया , इन्होंने संथाली भाषा में पहली पत्रिका 'करम धर' का प्रकाशन किया । इन्हें साहित्य अकादमी से भी पुरस्कृत किया जा चुका है । 

वर्ष 2019 झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड की रहनेवाली 'जमुना टुडू ' को पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया , लेडी टार्जन के नाम से लोकप्रिय जमुना ने पेड़ों को माफियाओं से बचाना शुरू किया. साथ ही नये पौधे भी लगाने शुरु किये । जमुना की इस लगन को देखकर आसपास के गांवों की महिलाएं जंगल बचाने की उनकी मुहिम में उनके साथ जुड़ती चली गईं । जमुना ने इन महिलाओं को लेकर वन सुरक्षा समिति का गठन किया। आज चाकुलिया प्रखंड में ऐसे तीन सौ से ज्यादा समितियां हैं । हर समिति में शामिल 30 महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में वनों की रखवाली लाठी-डंडे और तीर-धनुष के साथ करती हैं । 

ओडिशा के क्योंझर जिले के खनिज संपन्न तालबैतरणी गांव के रहने वाले ट्राइबल किसान 'दैतारी नायक' ने सिंचाई के लिए 2010 से 2013 के बीच अकेले ही गोनासिका का पहाड़ खोदकर तीन किलोमीटर लंबी नहर बना दी थी । इस नहर से अब 100 एकड़ जमीन की सिंचाई होती है । केनाल मैन के नाम से लोकप्रिय नायक को उनके द्बारा एक कुदाल और बरमा के सहारे पहाड़ में तीन किलोमीटर लंबी नहर खोद डाली , समाज के सामने प्रस्तुत इस अप्रतिम उदहारण के लिए नायक को पद्मश्री सम्मान दिया गया । 

ओडिशा के कोरापुट जिले में जन्मीं 'कमला पुजारी' को पारंपरिक धान के बीज के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। कमला विलुप्त प्रजाति के धान की किस्म की सुरक्षा के क्षेत्र में कई वर्षों से काम करती आई हैं। अनपढ़ होने के बावजूद कमला पुजारी ने धान के विभिन्न किस्म के संरक्षण को लेकर अपनी अलग पहचान बनाई है। पुजारी ने लुप्तप्राय और दुर्लभ प्रकार के 100 से ज्यादा बीज जैसे धान, हल्दी, तिल्ली, काला जीरा, महाकांता, फूला , घेंटिया आदि एकत्र किए हैं।

वर्ष 2018 में झारखण्ड जमशेदपुर के संथाली भाषा के विद्वान ' प्रो. दिगम्बर हांसदा' को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया । उन्होंने भारतीय संविधान का संथाली भाषा में अनुवाद करने के साथ ही कई पुस्तकें भी लिखीं । ट्राईबल्स और उनकी भाषा के उत्थान के क्षेत्र में प्रोफेसर हांसदा का महत्वपूर्ण योगदान है। वे केन्द्र सरकार के ट्राईबल अनुसंधान संस्थान के सदस्य रहे और उन्होंने सिलेबस की कई पुस्तकों का देवनागरी से संथाली में अनुवाद किया। उन्होंने इंटरमीडिएट, स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए संथाली भाषा का कोर्स संग्रहित किया। इनकी प्रमुख पुस्तकें हैं सरना गद्य-पद्य संग्रह, संथाली लोककथा संग्रह, भारोतेर लौकिक देव देवी, गंगमाला आदि। प्रो. हांसदा लालबहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य भी रहे ।  

केरल के तिरुवनंतपुरम में कलार जंगलों में रहने वाली ट्राइबल महिला 'लक्ष्मीकुट्टी' को पारम्परिक दवाइयों के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। जंगल की दादी के नाम से लोकप्रिय लक्ष्मीकुट्टी को सांप काटने के बाद उपयोग की जाने वाली दवाई बनाने में महारत हासिल है । 

अपनी कृतियों के लिए दुनियाभर में ख्याति अर्जित कर चुके ' भज्जू श्याम' मध्यप्रदेश के जबलपुर के पास पाटनगढ़ गांव के निवासी हैं। गोंड कलाकार भज्जू श्याम की पेंटिंग की दुनिया में अलग ही पहचान बनी है। गरीब ट्राइबल परिवार में जन्म भज्जू श्याम ने अपने संघर्ष के दिनों में सिक्योरिटी गार्ड व इलेक्ट्रिशियन की नौकरी भी की है। अपनी गोंड पेंटिंग के जरिए भज्जू यूरोप में भी प्रसिद्धी हासिल कर चुके हैं। उनके कई चित्र किताब का रुप ले चुके हैं। 'द लंदन जंगल बुक' की 30000 कॉपी बिकी और यह 5 विदेशी भाषाओं में छप चुकी है। इन किताबों को भारत और कई देशों (नीदरलैंड, जर्मनी, इंग्लैंड, इटली, कर्जिस्तान और फ्रांस) में प्रदर्शित व पसंद किया गया है। 

वर्ष 2017 में झारखण्ड के सिमडेगा जिले के बोब्बा गाँव में जन्में 'मुकुंद नायक' को कला एवं संगीत के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया गया । वे एक लोक गायक, गीतकार और नर्तक हैं । मुकुंद नागपुरी लोक नृत्य झुमइर का प्रतिपादक हैं। इन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है । 

वर्ष 2016 में झारखण्ड के जल पुरुष के नाम से लोकप्रिय 'राजा सोमेन उराँव मिंज' उर्फ सोमेन बाबा को जल संरक्षण, वन रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मान दिया गया । राँची के बेड़ो प्रखण्ड में जन्में सिमोन ने साठ के दशक में बांध बनाने का अभियान जोरदार ढंग से चलाया। उन्होंने सबसे पहले नरपतरा में बांध बनाया, दूसरा बांध अंतबलु में और तीसरा बांध खरवागढ़ा में बनाया। आज इन्हीं बांधों से करीब 5000 फीट लंबी नहर निकालकर खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है ।   सिमोन बाबा कहते हैं अगर विकास करना है तो आदमी से नहीं, जमीन से लड़ो, उसपर अन्न का कारखाना तैयार करो । अगर विनाश करना है तो आदमी से लड़ो। 

वर्ष 2010 में पद्मश्री सम्मान से पुरस्कृत 'डॉ रामदयाल मुंडा'  न सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के भाषाविद्, समाजशास्त्री और आदिवासी बुद्धिजीवी और साहित्यकार थे, बल्कि वे एक अप्रतिम आदिवासी कलाकार भी थे। उन्होंने मुंडारी, नागपुरी, पंचपरगनिया, हिंदी, अंग्रेजी में गीत-कविताओं के अलावा गद्य साहित्य रचा है। उनकी संगीत रचनाएं बहुत लोकप्रिय हुई हैं और झारखंड की ट्राईबल्स लोक कला, विशेषकर ‘पाइका नाच’ को वैश्विक पहचान दिलाई है। वे भारत के दलित-ट्राइबल और दबे-कुचले समाज के स्वाभिमान थे और प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को "वर्ल्ड ट्राइबल डे" मनाने की परंपरा शुरू करने में उनका अहम योगदान रहा है। रामदयाल मुंडा भारत के एक प्रमुख बौद्धिक और सांस्कृतिक शख्सियत थे। ट्राइबल्स के अधिकारों की आवाज उन्होंने रांची, पटना और दिल्ली के साथ यूएनओ में उठाई। उन्होंने पूरी दुनिया के ट्राइबल समुदायों को संगठित किया और झारखंड के जमीनी सांस्कृतिक आंदोलनों को नेतृत्व दिया। 2007 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी का सम्मान मिला तो वर्ष 2010 में वह राज्यसभा के सदस्य भी बने , डॉ मुण्डा रांची विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे। 30 सितंबर 2011 को कैंसर से उनका निधन हो गया। 

वर्ष 2001 में उड़ीसा की प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता 'तुलसी मुण्डा' को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।तुलसी मुण्डा ने ट्राईबल्स के बीच साक्षरता के प्रसार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए । मुंडा ने उड़ीसा के खनन क्षेत्र में एक विद्यालय स्थापित कर सैकड़ों ट्राईबल्स बच्चों को शोषित दैनिक श्रमिक बनने से बचाया है। जबकि स्वयं उन्होंने इन खानों में मजदूर के रूप में काम किया । ' तुलसीपा' वंचितों के बीच साक्षरता फैलाने के लिए अपने मिशन के लिए जानी जाती हैं। विनोबा भावे से प्रभावित अविवाहित तुलसीपा का कर्मक्षेत्र लौह अयस्क खानों के लिए प्रसिद्ध जोड़ा से लगभग 7 किमी दूर सारंडा जंगल के आस पास है । 

भागलपुर के बांका जिला के बांसी गाँव में जन्में 'चीत्तु टुडू' को कला के क्षेत्र में वर्ष 1992 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया । टुडू बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे , साहित्यकार , नर्तक , गायक , वादक , समाज सुधारक औऱ इन सबसे बढ़कर एक महान इंसान । संथाली लोक गीतों का संग्रह 'जवांय धुती' उनकी महत्वपूर्ण कृति है । उन्होंने कई जीवनियों एवं नाटकों का अनुवाद संथाली में किया । टुडू नई दिल्ली स्थित नृत्य कला अकादमी के सदस्य भी रहे , इन्होंने अपने पैतृक गाँव में विद्यालय निर्माण हेतू दो एकड़ भूमि दान की । 

पद्मश्री की सूची वैसे नामों के बिना अधूरी है जिन्होंने गैर ट्राइबल होते हुए ट्राइबल हित में उल्लेखनीय कार्य किए यथा झारखण्ड के अशोक भगत , छत्तीसगढ़ के दामोदर गणेश बापट , मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के गांधी कहे जाने वाले महेश शर्मा, छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के धर्मपाल सैनी उर्फ ताऊजी, महाराष्ट्र के मराठी चित्रकार एवं कलाकार जिव्या सोमा मशे , वर्ष 2005 झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा द्बारा खरसावां में स्थापित अर्जुन आर्चरी अकादमी ज्वाइन कर अपना कैरियर प्रारम्भ करने वाली अन्तराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी , ओडिशा से राज्यसभा सांसद व हॉकी खिलाड़ी दिलीप तिर्की एवं इग्नेस तिर्की , सुषमा स्वराज की किडनी ट्रांसप्लांट करने वाले सर्जन व ट्राईबल बहुल क्षेत्र सुंदरगढ़ ओड़िसा में जन्में डॉ मुकुट मिंज , 1963 में समाजसेवा के लिए सम्मानित देव जॉयल लकड़ा इत्यादि । 

पद्म भूषण सम्मान 

देश में बहुमूल्य योगदान के लिये भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण है । पंद्रहवी लोकसभा के उपसभापति व आठो बार खूँटी से सांसद रहे 'कड़िया मुण्डा' को वर्ष 2019 में सार्वजनिक मामलों में उल्लेखनीय कार्य के लिए पद्मभूषण सम्मान प्रदान किया गया । लोकप्रिय सांसद मुण्डा जी तीन बार केन्द्र सरकार में मन्त्री भी रहे , 1977 में मोरारजी देसाई की सरकार में भी इस्पात मंत्रालय में राज्य मन्त्री थे । झारखण्ड ही नहीं पूरे भारत की राजनीति में कड़िया मुण्डा जैसे सादगी पसन्द व ईमानदार नेता बिरले ही हैं । कड़िया मुण्डा झारखंड के पहले राजनेता हैं जिन्हें पद्म सम्मान प्राप्त हुआ है । इन्हीं की लोकसभा सीट से वर्तमान में अर्जुन मुण्डा सांसद चुने गए हैं । 

'खेल'

आईए कुछ खेल की बात करें , वर्ष 1903 में झारखण्ड के छोटानागपुर में जन्में जयपाल सिंह मुंडा हॉकी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे , जिनकी कप्तानी में 1928 के ओलिंपिक में भारत ने पहला स्वर्ण पदक प्राप्त किया।मुण्डा ट्राइबल्स और झारखंड आंदोलन के एक सर्वोच्च नेता थे। वे एक जाने माने राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक, संपादक, शिक्षाविद् और ‘ऑक्सफोर्ड ब्लू’ का खिताब पाने वाले पहले ट्राइबल थे । इनके जीवन पर अश्विनी कुमार पंकज ने 'मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा' नामक पुस्तक लिखी । खेल के अलावा जयपाल सिंह मुंडा ने जिस ट्राइबल दर्शन और राजनीति को, झारखंड आंदोलन को अपने वक्तव्यों, सांगठनिक कौशल और रणनीतियों से राजनीति और समाज में स्थापित किया, वह भारतीय इतिहास और राजनीति में अप्रतिम है । 

झारखंड के सिमडेगा जिले के कसिरा बलियाजोर गांव की बेटी और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान 'सुमराई टेटे' ध्यानचंद लाइफ टाइम अवार्ड पानेवाली देश की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं । सुमराई टेटे ने लगभग एक दशक तक भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया । वर्ष 2002 में टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मैनचेस्टर कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण जीती थी । उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीते । सुमराई ने भारतीय हॉकी टीम में सहायक प्रशक्षिक की भूमिका भी निभायी । 

झारखण्ड के सरायकेला खरसांवां जिले के राजनगर प्रखंड के पहाड़पुर गांव की मूल निवासी विनीता सोरेन दुनिया के सबसे ऊँचे पर्वत शिखर एवरेस्ट फतह करने वाली पहली ट्राइबल युवती है । इको एवरेस्ट स्प्रिंग 2012 अभियान के तहत विनीता अपने दो साथियों क्रमश: मेघलाल और राजेंद्र :के साथ 20 मार्च 2012 को जमशेदपुर से अभियान की शुरुआत की। 26 मई 2012 को सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर विनीता ने एवरेस्ट के शिखर पर तिरंगा फहराया । 

मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में एक ट्राइबल किसान के परिवार में जन्मी 'एम सी मैरीकॉम' छह बार विश्व चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं । मैरी कॉम ने सन् २००१ में प्रथम बार नेशनल वुमन्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप जीती। उन्होंने 2019 के प्रेसिडेंसीयल कप इोंडोनेशिया में स्वर्ण पदक जीता। 
बॉक्सिंग में देश का नाम रोशन करने के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2003 में उन्हे अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया एवं वर्ष 2006 में उन्हे पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वर्ष 2009 में मैरी कॉम को भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया । मैरीकॉम भारतीय ट्राईबल्स द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री करने वाले 'ट्राइब्स इंडिया' की ब्रांड एंबेस्डर एवं राज्यसभा सांसद भी हैं।
 
भारतीय तीरंदाज कोमालिका बारी ने विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप के रिकर्व कैडेट वर्ग के एक तरफा फाइनल में जापान की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। जमशेदपुर की टाटा तीरंदाजी अकादमी की कोमालिका अंडर-18 वर्ग में विश्व चैम्पियन बनने वाली भारत की दूसरी तीरंदाज बनीं। 

ओड़िसा के सुंदरगढ़ जिले के उरांव परिवार में जन्में 'वीरेंद्र लकड़ा' ने 2012 में सम्पन्न लंदन ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम में खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया । इसके पहले वे चैंपियन ट्राफी , वर्ल्ड लीग , एशियन गेम्स में भी कई बार खेल चुके हैं । 

वहीं ओड़िसा की 'सुनीता लकड़ा'  भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर के रूप में लोकप्रिय खिलाड़ी रही हैं ।सुनीता ने 2008 से टीम से जुड़ने के बाद 2018 की एशियाई चैम्पियंस ट्रोफी के दौरान भारत की कप्तानी की जिसमें टीम दूसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने भारत के लिए 139 मैच खेले और वह 2014 के एशियाई खेलों की ब्रॉन्ज मेडल विजेता टीम का भी हिस्सा रहीं। 

सरायकेला-खरसावा जिला अंतर्गत चाडिल के गांव पथराखून के बादलाडीह टोला में जहां मात्र 13 ट्राइबल परिवार रहते हैं। यहां की रहने वाली स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा ' सावित्री मुर्मू ' ने मात्र नौ महीने में देश के 29 राज्यों के अलावे भूटान और नेपाल का साइकिल से भ्रमण किया । यात्रा के दौरान सावित्री ने लोगों को आदर्श नागरिक समाज का निर्माण करने और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। सावित्री की यात्रा पटना एनआईटी घाट से 13 अक्टूबर 2017 को शुरु हुई और 14 जुलाई 2018 को समाप्त हई । यात्रा के दौरान 261 दिनों में उन्होंने कुल 14600 किलोमीटर की यात्रा साइकिल से पूर्ण की ।

'साहित्य'

पारसी सिञ्ज चांदो (संथाली भाषा के सूरज) ' पंडित रघुनाथ मुर्मू ' संथाली भाषा की लिपि ओल चिकी के जन्मदाता थे । 
गुरु गोमके के नाम से प्रसिद्ध पंडित रघुनाथ का जन्म 5 मई 1905 को ओडिशा के मयूरभंज ज़िले के डांडबूश गाँव में हुआ था। उन्होंने महसूस किया कि उनके समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपरा के साथ ही उनकी भाषा को बनाए रखने और बढ़ावा देने के लिए एक अलग लिपि की जरूरत है । इसलिए उन्होंने संथाली  लिखने के लिए ओल चिकी लिपि की खोज के काम को प्रारम्भ किया जो 1925 में पूर्ण हुआ। उपरोक्त लिपि का उपयोग करते हुए उन्होंने 150 से अधिक पुस्तकें लिखीं, जैसे कि व्याकरण, उपन्यास, नाटक, कविता और सांताली में विषयों की एक विस्तृत श्रेणी को कवर किया, जिसमें सांलक समुदाय को सांस्कृतिक रूप से उन्नयन के लिए अपने व्यापक कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में ओल चिकी का उपयोग किया गया। "दरेज धन", "सिद्धु-कान्हू", "बिदु चंदन" और "खरगोश बीर" उनके कामों में से सबसे प्रशंसित हैं। बिहार , पश्चिम बंगाल और उड़ीसा सरकार के अलावा, उड़ीसा साहित्य अकादमी सहित कई अन्य संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया, रांची विश्वविद्यालय द्वारा माननीय डी लिट की उपाधी से उन्हें सम्मानित किया गया। महान विचारक, दार्शनिक, लेखक और नाटककार ने 1 फरवरी 1982 को अपनी अंतिम सांस ली।

ओत् गुरु कोल लाको बोदरा हो भाषा के साहित्यकार थे। हो भाषा-साहित्य में ओत् गुरू कोल "लाको बोदरा" का वही स्थान है जो संताली भाषा में रघुनाथ मुर्मू का है। उन्होंने १९४० के दशक में हो भाषा के लिए ह्वारङ क्षिति नामक लिपि की खोज की व उसे प्रचलित किया।
उसके प्रचार-प्रसार के लिए ‘आदि संस्कृति एवं विज्ञान संस्थान’ (एटे:ए तुर्तुङ सुल्ल पीटिका अक्हड़ा) की स्थापना भी की। यह संस्थान आज भी हो भाषा-साहित्य,संस्कृति के विकास में संलग्न है। "ह्वारङ क्षिति" में उन्होंने ‘हो’ भाषा का एक वृहद् शब्दकोश भी तैयार किया जो अप्रकाशित है। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम ज़िले के खुंटपानी ब्लॉक में स्थित पासेया गाँव में जन्में लाको बोदरा होमियोपैथी चिकित्सक भी थे । इन्होंने 29 जून 1986 को देह त्याग किया।

'वासवी किड़ो' की लेखनी ट्राईबल्स के प्रति आपका नजरिया बदलने के लिए पर्याप्त है । रमणिका गुप्ता द्वारा सम्पादित एवं किडो द्बारा लिखित पुस्तिका 'भारत की क्रांतिकारी आदिवासी औरतें' में इतिहास द्वारा तिरस्कृत व उपेक्षित वीरांगनाओं की ऐतिहासिक भूमिका को समझने की कोशिश की गयी है। ट्राईबल महिलाओं के शौर्य को तलाशती यह पुस्तिका जीवन मूल्यों को व्यापकता प्रदान करती हुई उल्लेखनीय भूमिका अदा कर रही है । 

रांची के लाल सिरम टोली में जन्मी 'एलिस एक्का' हिंदी की पहली ट्राइबल लेखिका हैं। उन्होंने पचास के दशक में हिंदी साहित्य में पर्दापण किया। सन् 1947 में शुरू हुई साप्ताहिक ‘आदिवासी में वह लिखती थी। ‘आदिवासी' के सभी अंक प्राप्य नहीं हैं , इसलिए उनकी सभी रचनाओं और उनके साहित्यिक अवदान से पाठक वर्ग अभी तक अपरिचित है। अब तक उनकी ये कहानियां प्राप्त हुई हैं-‘वनकन्या', ‘दुर्गी के बच्चे और एल्मा की कल्पनाएं', ‘सलगी, जुगनी और अंबा गाछ’ ‘कोयल की लाड़ली सुमरी', ‘पन्द्रह अगस्त, बिलचो और रामू’ और ‘धरती लहलहाएगी झालो नाचेगी गाएगी।' वनकन्या उनकी पहली प्राप्त रचना है जो ‘आदिवासी’ के अंक 17 अगस्त 1961, वर्ष-15, अंक 28-29 में छपी है। एलिस एक्का एक रचनाकार होने के साथ-साथ एक अनुवादिका भी थी। उन्होंने खलील जिब्रान के साहित्य का अनुवाद किया है जो ‘आदिवासी’ अंकों में प्रकाशित हुए हैं।

लेखिका ' ममांग दाई' अरुणाचल प्रदेश की पहली महिला थी, जिन्होंने आई.ए.एस. क्वालीफाई किया। इसके बावजूद ममांग दाई ने जर्नलिज़्म और लेखन चुना। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स, द टेलीग्राफ और सेंटिनल समाचार पत्रों के साथ काम किया है और अरुणाचल प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की प्रेसिडेंट भी रही हैं। इनके अन्य काम हैं 2003 की रिवर पोएम्स। इनकी किताब अरुणाचल प्रदेश: द हिडेन लैंड के लिए इन्हें वेरियर एलविं अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। इनकी अन्य पुस्तकें हैं द स्काई क्वीन, स्टुपिड क्युपिड और माउंटेन हार्वेस्ट : द फूड ऑफ अरुणाचल प्रदेश।

नागालैंड की आओ ट्राइबल साहित्यकार ' तेमसुला आओ' वर्ष 2013 की साहित्य अकादमी अवार्ड विनर लेखिका है , उन्होंने अपने आओ नागा ट्राईबल्स के जीवन को कहानियों में ढाला है। एक कहानी में एक लड़की को लबुर्णम के फूल अपने बालों में पहनने की बहुत ख्वाहिश होती है। लेकिन जीते जी उसे वह फूल नसीब नहीं होता, इसलिए उसकी अंतिम इच्छा होती है कि मरने पर उसके कब्र पर ये फूल चढ़ाएं जाएँ । 

2008 में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रथम रानी दुर्गावती राष्ट्रीय सम्मान और समय-समय पर अनेक क्षेत्रीय व राज्य स्तरीय पुरस्कारों-सम्मानों से सम्मानित 
रोज केरकेट्टा खड़िया और हिन्दी की एक प्रमुख लेखिका, शिक्षाविद्, आंदोलनकारी और मानवाधिकारकर्मी हैं। सिमडेगा के कइसरा सुंदरा टोली गांव में जन्मी रोज केरकेट्टा झारखंड की आदि जिजीविषा और समाज के महत्वपूर्ण सवालों को सृजनशील अभिव्यक्ति देने के साथ ही जनांदोलनों को बौद्धिक नेतृत्व प्रदान करने तथा संघर्ष की हर राह में आप अग्रिम पंक्ति में रही हैं। ट्राइबल भाषा-साहित्य, संस्कृति और स्त्री सवालों पर डा. केरकेट्टा ने कई देशों की यात्राएं की है। इन्होंने प्रेमचंद की कहानियों का अनुवाद खड़िया मे किया है - ' प्रेमचंदाअ लुङकोय' , इसके अलावा इनकी प्रमुख कृतियाँ हैं - खड़िया लोक कथाओं का साहित्यिक और सांस्कृतिक अध्ययन (शोध ग्रंथ), सिंकोय सुलोओ (खड़िया कहानी संग्रह), हेपड़ अवकडिञ बेर (खड़िया कविता एवं लोक कथा संग्रह), पगहा जोरी-जोरी रे घाटो (हिंदी कहानी संग्रह), सेंभो रो डकई (खड़िया लोकगाथा) खड़िया विश्वास के मंत्र (संपादित), अबसिब मुरडअ (खड़िया कविता संग्रह) और स्त्री महागाथा की महज एक पंक्ति (वैचारिक निबंधों का संग्रह)

झारखंड के साहित्यिक-सांस्कृतिक मोर्चे पर सक्रिय ' वंदना टेटे' लगातार लहूलुहान की जा रही ट्राइबल अस्मिता के पक्ष में एक मज़बूत आवाज़ बनकर उभरी हैं। उनकी मुख्य कृतियाँ हैं पुरखा लड़ाके , किसका राज है , झारखंड एक अंतहीन समरगाथा , असुर सिरिंग, पुरखा झारखंडी साहित्यकार और नये साक्षात्कार , आदिम राग , आदिवासी साहित्यः परंपरा और प्रयोजन , आदिवासी दर्शन कथाएँ । इनके उल्लेखनीय आदिवासी पत्रकारिता के लिए झारखंड सरकार का राज्य सम्मान 2012 एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 2013 में सीनियर फेलोशिप प्रदान किया गया । वहीं 2019 में वंदना को राँची में  शैलप्रिया स्मृति सम्मान प्रदान किया गया । 

झारखण्ड के दुमका के दुधानी कुरुवा गांव में जन्मी ' निर्मला पुतुल' हिंदी कविता में एक परिचित ट्राइबल नाम है। इनकी प्रमुख कृतियों में ‘नगाड़े की तरह बजते शब्द’ और ‘अपने घर की तलाश में’ हैं। इनकी कविताओं का अनुवाद अंग्रेजी, मराठी, उर्दू, उड़िया, कन्नड़, नागपुरी, पंजाबी, नेपाली में हो चुका है। अनेक राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय सम्मान हासिल कर चुकी निर्मला अपनी गाँव की निर्वाचित मुखिया भी है। 

नीलगिरि के पहाड़ों पर रहने वाली इरुला आदिवासी समुदाय की ' सीता रत्नमाला' की अंग्रेजी में लिखी हुई भारत की पहली ट्राइबल आत्मकथा ‘बियोंड द जंगल’ की हिंदी प्रस्तुति है जँगल से आगे । इसका मूल अंग्रेजी संस्करण भारत में प्राप्य नहीं है और अब यह दुर्लभ है। ट्राइबल दृष्टि और अनुभवों से लिखा गया यह आत्मसंस्मरण कई मायने में पाठकों का ध्यान खींचता है। अद्भुत कथा, मार्मिक और दिल को छू लेने वाली घटनाएं, कहने की बहुत ही सरल लेकिन जानदार शैली वाली इस पुस्तक का हिन्दी अनुवाद सुपरिचित अश्विनी कुमार पंकज ने किया है, जो आदिवासी अध्ययन के लिए जाने जाते हैं।

साहित्य सृजन में कई ट्राइबल नाम राष्ट्रीय क्षितिज पर अंकित हैं यथा- वाहरू सोनवणे, मोतीरावण कंगाली, वाल्‍टर भेंगरा 'तरुण', शांति खलखो, अनुज लुगुन आदि। वहीं कई ऐसे नाम हैं जिनका जीवन चरित्र अलिखित या अधूरा लिखा ही रह गया यथा मुंडारी के प्रथम लेखक-उपन्यासकार ' मेनस ओड़ेया हों' , संथाली  कवि पाउल जुझार सोरेन, धर्मग्रंथ धरमपुथी के रचयिता रामदास टुडू,  नागपुरी के ' धनीराम बक्शी ' , पाकुड़ के संथाली गोरा चाँद टुडू ,हिंदी के विमर्शकार हेरॉल्ड एस. तोपनो, ट्राइबल इन्साइक्लोपीडिया महली लिविन्स तिरकी, आदिवासी महासभा के मुखपत्र आदिवासी के संपादक जूलियस तीगा ।

 ट्राइबल साहित्यकारों की सूची में अन्य लोकप्रिय नाम हैं कवयित्री और संपादक ' सुशीला सामद हों, प्यारा केरकेट्टा, कानूराम देवगम, आयता उरांव, ममांग दई, बलदेव मुंडा, दुलाय चंद्र मुंडा, पीटर पॉल एक्का, हरिराम मीणा, महादेव टोप्पो, ग्रेस कुजूर, उज्ज्वला ज्योति तिग्गा, काजल डेमटा, सुनील कुमार 'सुमन', केदार प्रसाद मीणा, जोराम यालाम नाबाम, सुनील मिंज, ग्लैडसन डुंगडुंग, रूपलाल बेदिया, गंगा सहाय मीणा, ज्योति लकड़ा, नीतिशा खालखो, अनु सुमन बड़ा, हीरा मीणा, अरुण कुमार उरांव, जसिंता केरकेट्टा, ज्योति लकड़ा , श्रृष्टि किंडों , बन्नाराम माणतवाल, राजस्थान के पूर्व डीआइजी हरि राम मीणा , रानी मुर्मू । 

हाल ही मे झारखंडी भाषा साहित्य संस्कृति अखाड़ा ने ट्राइबल साहित्य की विभिन्न शाखाओं में लेखन कार्यो में सक्रिय प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया । असुर साहित्य के लिए मेलन असुर व संपति असुर , हो साहित्य के लिए कमल लोचन कोड़ाह व दमयंती सिंकु, खड़िया साहित्य के लिए विश्राम टेटे व प्रतिमा कुल्लू, खोरठा साहित्य के लिए डॉ. नागेश्वर महतो व पंचम महतो , कुड़मालि साहित्य के लिए भगवान दास महतो व सुनील महतो, कुड़ुख साहित्य के लिए अघनु उराव व फ्रासिस्का कुजूर
, मुंडारी साहित्य के लिए मंगल सिंह मुंडा व तनुजा मुंडा
, नागपुरी साहित्य के लिए डॉ. वीपी केशरी व डॉ. कुमारी बासंती, पंचपरगनिया साहित्य के लिए प्रो. परमानंद महतो व विपिन बिहारी मुखी, संताली साहित्य के लिए चुंडा सोरेन 'सिपाही' व सुंदर मनोज हेम्ब्रम।

'शिक्षा'

शैक्षणिक संस्थानो में कई महत्वपूर्ण पदों पर ट्राइबल समुदाय सुशोभित हो रहा है । श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्व विद्यालय रांची के उप कुलपति रांची यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. सत्यनारायण मुंडा हैं । वहीं मध्यप्रदेश के अमरकंटक में अवस्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के उप कुलपति प्रो टी व्ही कट्टीमणी रह चुके हैं । रांची विश्वविद्यालय में डॉ. करमा उरांव जनजातीय क्षेत्रीय भाषा विभाग के एचओडी तथा सोशल साइंस के डीन रह चुके हैं तो जमशेदपुर के कॉपरेटिव कॉलेज के प्राध्यापक जीतराई हांसदा हैं। वर्ष 2016 में आदिवासी संघर्ष मोर्चा ने राँची में कई शिक्षाविदों को सम्मानित भी किया था - बेड़ो कॉलेज के प्राचार्य गुनी उरांव, लापुंग कॉलेज के प्राचार्य बिरसो उरांव, संत पॉल उवि की प्रिंसिपल उषा लकड़ा, पूर्व प्राचार्य ज्योत्सना कुजूर, आशिड़ किड़ो, प्रो. अजय बाखला, अशिसन तिड़ु, अनिता हेम्ब्रम । 

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के शिक्षक संघ की अध्यक्ष प्रोफेसर सोना झरिया हैं , वहीं सी के तिर्की, योजना आयोग के पूर्व सदस्य हैं । भारत सरकार के भू वैज्ञानिक डॉक्टर अशोक बक्सला, वकील निकोलस बारला, समाज वैज्ञानिक डॉक्टर ए बेंजामिन, शोधार्थी डॉक्टर विसेंट एक्का जैसे लोग ट्राइबल समुदाय में शिक्षा की अलख जलाए हुए हैं । 

शिक्षा के क्षेत्रो में योगदान की कहानी एक नन ट्राइबल के बिना पूरी नहीं की जा सकती , वो थे दिल्ली विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. प्रभुदत्त खेड़ा । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के घने जंगलों के बीच मौजूद लमनी गांव में डॉ खेड़ा तीस साल तक कुटिया बनाकर रहे और ट्राईबल्स के बीच रहकर शिक्षा का उजियारा फैलाते रहे । 

राजस्थान के बांसवाड़ा में गोविंद गुरु जनजातीय यूनिवर्सिटी का संचालन हो रहा है, जहाँ हर साल कई ट्राइबल उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं । 

यह जानकर सुखद आश्चर्य होगा कि अमेरिका में 32 ट्राइबल कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी हैं , जिनमें 358 तरह के एप्रेण्टिस , डिप्लोमा , सर्टिफिकेट व डिग्री प्रोग्राम चल रहे हैं और लगभग तीस हजार छात्र पढ़ रहे हैं । ये संस्थान कोलर्डो स्थितअमेरिकन इण्डियन कॉलेज फण्ड के अन्तर्गत संचालित होते हैं । 

'पत्रकारिता'

झारखंड की दयामणि बारला एक लोकप्रिय पत्रकार एवं कार्यकर्ता हैं। ट्राईबल्स के अधिकारों के लिए लड़ने वाली सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला को एलेन एल लुज अवार्ड से सम्मानित किया गया। न्यूयार्क की मैसाच्युसेट्स के एक एनजीओ ने इस अवार्ड के तहत तहत दयामणि को 10,000 डॉलर दिए। उनको वर्ष 2000 में ग्रामीण पत्रकारिता के क्षेत्र में काउंटर मीडिया अवार्ड भी प्राप्त हुआ था।

हालाँकि इस तथ्य को झुठलाया नहीं जा सकता कि देश के मीडिया में ट्राइबल पत्रकारों की स्थिति और उपस्थिति न के बराबर है और यही कारण है कि ट्राइबल्स की मूल संस्कृति, संस्कार, समस्याएं देश और विश्व के पटल पर नहीं आ पातीं । 

' पुलिस , पारा मिलट्री एवं सेना' 

पुलिस , पारा मिलट्री एवं सेना में लाखों की संख्या में ट्राइबल जवान मिलेंगे । झारखंड के गुमला जिला के डुमरी ब्लाक के जरी गांव में जन्में लांस नायक अलबर्ट एक्का पहले ट्राइबल सैनिक थे जो भारत-पाकिस्तान युद्ध में 3 दिसम्बर1971 को हिली की लड़ाई में वीरगति को प्राप्त हो गए एवं इन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

' स्वतंत्रता संग्राम' 

भारत का स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास कई अनकही अनपढ़ी या आधी अधूरी कहानियों से भरा पड़ा है , जिसमें कई नायकों के नाम छुपे पड़े हैं । ऐसे ही कुछ नायक ट्राइबल समुदाय से हुए जिनके किस्सों को इस आलेख में समेटना मुश्किल है , उसके लिए केवल उनके जीवन चरित्र पर एक पुस्तक लिखी जा सकती है । जैसे झारखण्ड में धरती आबा बिरसा मुण्डा , सिद्धू और कान्हू मुर्मू , चांद, भैरव, उनकी बहन फूलो और झानो मुर्मू , टाना भगत , तिलका माझी , सिंदराय और बिंदराय मानकी, गंगानारायण सिंह ,लुबिया मांझी, बैस मांझी और अर्जुन मांझी , पीताम्बर साही और नीलाम्बर साही , जतरा भागत, बुधू भगत , तेलंगा खड़िया, छतीसगढ़ के गुंडाधुर , हीरासिंह देव उर्फ कंगला माझी, वीर नारायण सिंह, महाराष्ट्र के भीमा नायक , नागालैंड की रानी  गाइदिन्ल्यू, चेन्नै के अल्लुरी सीतारमण राजू, ओड़िसा के राजा सुरेन्द्र साए, हैदराबाद निजाम 
विरुद्ध संघर्ष करने वाले गोंड ट्राइबल कुमराम भीम ।

आजाद भारत में भी विभिन्न मुद्दों पर समय समय पर ट्राइबल आन्दोलनकारी मुखर होते रहे हैं जैसे छत्तीसगढ़ के फेटल सिँह खरवार और कूच नाम विवादों के साये में रहे जैसे झारखण्ड में के सी हेम्ब्रम । 

' राजनीति' 

राजनीति और ट्राइबल्स यह टॉपिक इतना वृहत हैं कि इस पर काफी लम्बी चर्चा हो सकती है , मेरी समझ से इस शीर्षक पर एक अलग आर्टिकल लिखने की आवश्यकता है । परन्तु कुछ नामों की चर्चा किए बिना आजके आर्टिकल क़ा समापन करने का जी नहीं कर रहा । जिनमें झारखण्ड आन्दोलन के महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन , भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय में केंद्रीय मन्त्री अर्जुन मुण्डा , झारखण्ड के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन , केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते , पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी ए संगमा , निर्दलीय मुख्यमंत्री रहे मधु कोड़ा, लोहरदगा से तीन बार सांसद सुमति उरांव। लोकसभा में अनुसूचित जनजाति के लिए कुल 545 सीटों में से 47 सीट आरक्षित हैं वहीं झारखण्ड में 81 सीटों में 28 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं । 

ट्राइबल्स के महान गुणों को एक पंक्ति में समेटते हुए आस्ट्रेलिया की दार्शनिक कैथ वाकर लिखती हैं कि 'आपकी धरती, जहां आप रहते हैं और आपका समुदाय, जिसके साथ आप रहते हैं, आपसे पहले है - यही आदिवासियत है ।'


संदीप मुरारका 
दिनांक 13 अप्रैल ' 2020 सोमवार 
शुभ वैशाख कृष्णा षष्ठी, विक्रम संवत् २०७७