Tuesday, 25 January 2022

संक्षिप्त परिचय : संदीप मुरारका

संक्षिप्त परिचय

झारखंड राज्य के जमशेदपुर में रहने वाले संदीप मुरारका ने हिंदी लेखन के क्षेत्र में अद्भुत कार्य किया है़। डॉ. राम मनोहर लोहिया जिन वंचितों एवं पीड़ितों की आवाज थे, उसी वर्ग के लोगों को पुस्तक का अध्याय बनाने का साहस लेखक संदीप ने किया है़। उन्होंने देशभर के विभिन्न राज्यों में फैले जनजातीय समुदायों के वैसे लोगों की जीवनियों को लिखा है़, जिनको या तो राष्ट्र के सर्वोच्च पुरस्कार पद्म सम्मान प्राप्त हुए हों अथवा वे देश के बड़े पदों पर पदस्थापित हों। पुस्तकों की इस कड़ी में "शिखर को छूते ट्राइबल्स" शीर्षक से अब तक तीन भाग प्रकाशित हो चुके हैं एवं चौथे भाग का लेखन जारी है़। उपरोक्त पुस्तक शिखर को छूते ट्राइबल्स भाग 1 में सत्रह ऐसे जनजातीय व्यक्तित्वों की जीवनी है़, जिनको देश के सर्वोच्च पद्म सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है़, साथ ही ऐसे आठ महानायकों का परिचय है़ जिनके बिना इतिहास अधूरा है़, यथा; धरती आबा बिरसा मुंडा, पंडित रघुनाथ मुर्मू, ओत् गुरु कोल लाको बोदरा, सिदो कान्हू, फूलो झानो, टाना भगत, नीलांबर पीतांबर एवं मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा। पुस्तक में आदिवासी लोकसंस्कृति के संवाहक पद्मश्री मुकुंद नायक की जीवनी भी शामिल है़।

शिखर को छूते ट्राइबल्स भाग 2 में ऐसे उन्नीस आदिवासी व्यक्तित्वों की जीवनियाँ शामिल हैं जो राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कारों से नवाजे गए, साथ ही चार आदिवासी महानायकों के परिचय को सम्मिलित किया गया है- बाबा तिलका मांझी, तेलंगा खड़िया, तंट्या भील एवं कोमराम भीम।

शिखर को छूते ट्राइबल्स भाग 3 में ऐसे बीस महान आदिवासियों की जीवनी प्रकाशित है़ जिनको पद्म सम्मान से विभूषित किया जा चुका है़। साथ ही आठ ऐसी जनजातीय हस्तियों का परिचय है़, जिन्होंने देश के उच्चतम पदों को सुशोभित किया, जैसे कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, श्री गिरीश चंद्र मुर्मू, सुश्री अनुसुईया उइके, लांस नायक अल्बर्ट एक्का, श्री राजीव टोपनो, श्री अमृत लुगून, प्रो. सोना झरिया मिंज एवं श्री हरिशंकर ब्रह्मा।

शिखर को छूते ट्राइबल्स भाग 4 का लेखन जारी है़, जिसमें देश के लगभग पच्चीस विशिष्ट जनजातीय नायकों की जीवनियाँ लिखी जा रही है़। उपरोक्त पुस्तकों की प्रस्तावना विख्यात पत्रकार विनय पूर्ति, लेखक रणेन्द्र एवं महादेव टोप्पो ने लिखी है़। पहली दो पुस्तकों का विमोचन झारखंड की राज्यपाल माननीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने किया है़, वहीं भाग 3 का विमोचन झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया है़।



No comments:

Post a Comment